RCB vs GT Final: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है और अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें उस मुकाबले पर टिकी हैं, जो इस सीजन के नए चैंपियन का फैसला करेगा. 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी. दोनों टीमों के पास एक-एक बार IPL ट्रॉफी जीतने का अनुभव है और अब दोनों दूसरी बार खिताब अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी. ऐसे में फाइनल मुकाबले को लेकर रोमांच चरम पर है. हालांकि क्रिकेट फैंस के मन में एक सवाल लगातार बना हुआ है कि अगर बारिश ने मैच में बाधा डाली तो आखिर विजेता का फैसला कैसे होगा.
फाइनल के दिन मौसम का क्या है हाल?
फाइनल मुकाबले से पहले मौसम को लेकर राहत की खबर सामने आई है. मौसम एजेंसी एक्यूवेदर के अनुसार 31 मई को अहमदाबाद में तेज गर्मी रहने की संभावना है. दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात में तापमान 29 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. सबसे बड़ी बात यह है कि फिलहाल बारिश की संभावना बेहद कम बताई गई है.
हालांकि अहमदाबाद का यह मैदान पहले भी बारिश के कारण सुर्खियों में रह चुका है. IPL 2025 के क्वालीफायर-2 मुकाबले में बारिश के चलते मैच देरी से शुरू हुआ था. वहीं IPL 2023 का फाइनल तो बारिश के कारण निर्धारित दिन पर पूरा नहीं हो सका था और मुकाबले का नतीजा अगले दिन निकला था.
बारिश होने पर क्या कहता है IPL का नियम?
IPL के फाइनल मुकाबले के लिए विशेष नियम बनाए गए हैं ताकि किसी भी स्थिति में विजेता का फैसला किया जा सके. अगर 31 मई को खराब मौसम की वजह से मैच पूरा नहीं हो पाता है तो इसके लिए 1 जून को रिजर्व डे निर्धारित किया गया है.
टूर्नामेंट आयोजकों की पहली कोशिश यही रहेगी कि मुकाबला निर्धारित दिन पर ही पूरा कराया जाए. इसके लिए जरूरत पड़ने पर मैच के ओवरों में कटौती भी की जा सकती है. यानी बारिश के कारण खेल प्रभावित होने पर भी फाइनल को उसी दिन समाप्त कराने की पूरी कोशिश होगी.
दोनों दिन खेल नहीं हुआ तो कौन बनेगा विजेता?
सबसे दिलचस्प सवाल यही है कि अगर बारिश इतनी ज्यादा हो जाए कि फाइनल और रिजर्व डे दोनों दिन एक भी ओवर का खेल संभव न हो तो क्या होगा?
IPL के नियमों के मुताबिक ऐसी स्थिति में लीग चरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को विजेता घोषित किया जाएगा. इस सीजन अंक तालिका में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु गुजरात टाइटंस से ऊपर रही थी. इसलिए अगर दोनों दिन खेल संभव नहीं होता है तो RCB को सीधे IPL 2026 का चैंपियन घोषित कर दिया जाएगा.
रिजर्व डे पर क्या दोबारा होगा टॉस?
फाइनल मैच के दौरान टॉस को लेकर भी स्पष्ट नियम मौजूद हैं. यदि पहले दिन मैच शुरू हो जाता है और कुछ ओवरों का खेल हो जाता है, लेकिन मुकाबला पूरा नहीं हो पाता, तो रिजर्व डे पर मैच वहीं से आगे बढ़ाया जाएगा जहां से उसे रोका गया था. ऐसी स्थिति में दोबारा टॉस नहीं कराया जाएगा.
लेकिन अगर पहले दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी जाती है तो रिजर्व डे पर नए सिरे से मैच शुरू होगा और टॉस भी दोबारा कराया जाएगा. इसके अलावा दोनों दिनों में 120 मिनट का अतिरिक्त समय भी रखा गया है ताकि मौसम की बाधा के बावजूद मुकाबले का नतीजा निकाला जा सके.
RCB और GT के बीच हमेशा रही है कड़ी प्रतिस्पर्धा
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच IPL इतिहास में अब तक कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले हैं. दोनों टीमों के बीच कुल 9 मैच खेले गए हैं, जिनमें RCB ने 5 मुकाबले जीतकर मामूली बढ़त बनाई हुई है. वहीं गुजरात टाइटंस ने 4 मैच अपने नाम किए हैं.
IPL 2026 में भी दोनों टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला. सीजन की पहली भिड़ंत में RCB ने गुजरात को 92 रन के बड़े अंतर से हराया था. इसके बाद गुजरात ने शानदार वापसी करते हुए दूसरा मुकाबला 4 विकेट से जीत लिया. वहीं तीसरी और आखिरी भिड़ंत में RCB ने 5 विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल से पहले मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल कर ली.
ये भी पढ़ें: RCB vs GT Final: अहमदाबाद में बल्लेबाजों का चलेगा जादू या गेंदबाज मचाएंगे तहलका? जानिए पिच रिपोर्ट