IPL 2026: बाहर हो सकता है CSK का सबसे सफल बल्लेबाज, हैमस्ट्रिंग इंजरी ने जकड़ा, कौन लेगा उनकी जगह?

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए इस सीजन में मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मुकाबले के बाद टीम को एक और बड़ा झटका लग सकता है.

IPL 2026 CSK batsman Ayush Mhatre hamstring injury may be out
Image Source: ANI

IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स के लिए इस सीजन में मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मुकाबले के बाद टीम को एक और बड़ा झटका लग सकता है. टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज आयुष म्हात्रे हैमस्ट्रिंग चोट से जूझ रहे हैं, जिससे उनके आगे के मैचों में खेलने पर संशय बना हुआ है.

आयुष म्हात्रे को यह चोट चेन्नई की पारी के दौरान लगी. पारी के 5वें ओवर की दूसरी गेंद पर दूसरा रन लेने की कोशिश में उनकी हैमस्ट्रिंग खिंच गई. वो किसी तरह दौड़कर नॉन-स्ट्राइकर एंड तक तो पहुंच गए, लेकिन तुरंत ही मैदान पर बैठ गए. इसके बाद टीम के फिजियो को मैदान पर आना पड़ा.

जांच के बाद उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखने का फैसला किया, लेकिन ज्यादा देर टिक नहीं सके और दो गेंद बाद ही आउट हो गए.

मैदान से बाहर जाने में भी हुई दिक्कत

चोट इतनी ज्यादा असर डाल रही थी कि आउट होने के बाद आयुष म्हात्रे खुद से चलकर डगआउट तक भी नहीं जा पाए.

उन्हें मैदान से बाहर ले जाने के लिए सपोर्ट स्टाफ की मदद लेनी पड़ी, जिससे चोट की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है.

कोच ने दिया बड़ा संकेत

मैच के बाद टीम के बैटिंग कोच माइक हसी ने उनकी चोट पर अपडेट दिया.

उन्होंने कहा कि यह हैमस्ट्रिंग इंजरी है और अभी इसकी गंभीरता का सही अंदाजा नहीं लगाया जा सकता. आगे स्कैन के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.

हालांकि उन्होंने यह भी माना कि चोट की स्थिति ज्यादा अच्छी नजर नहीं आ रही है और अगर आयुष म्हात्रे बाहर होते हैं, तो यह टीम के लिए बड़ा झटका साबित होगा.

CSK के लिए क्यों अहम हैं म्हात्रे

इस सीजन आयुष म्हात्रे चेन्नई सुपर किंग्स के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं. उन्होंने 6 मैचों में 201 रन बनाए हैं, जो कि टीम के बाकी खिलाड़ियों से सबसे ज्यादा हैं. 

उनकी लगातार अच्छी फॉर्म ने टीम को मजबूती दी थी, ऐसे में उनका बाहर होना सीएसके के बैटिंग ऑर्डर को कमजोर कर सकता है.

ये भी पढ़ें- Bhooth Bangla: अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी फिल्म का बज रहा डंका, भूत बंगला ने 2 दिन में की बंपर कमाई