लग्जरी एसयूवी सेगमेंट में लैंड रोवर ने एक और बड़ा दांव खेलते हुए भारतीय बाजार में अपनी नई Range Rover SV Ultra को लॉन्च कर दिया है. 3.8 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत के साथ यह मॉडल अब रेंज रोवर लाइनअप का सबसे प्रीमियम और टॉप-स्पेक वेरिएंट बन गया है. शानदार डिजाइन, अल्ट्रा-लग्जरी इंटीरियर, एडवांस टेक्नोलॉजी और दमदार V8 इंजन से लैस यह एसयूवी उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जो लग्जरी के साथ बेहतरीन परफॉर्मेंस भी चाहते हैं.
एक्सटीरियर में मिला नया प्रीमियम लुक
नई Range Rover SV Ultra को खास टाइटेनियम सिल्वर पेंट फिनिश के साथ पेश किया गया है, जो इसे बाकी मॉडल्स से अलग पहचान देता है. इसकी ग्रिल, रेंज रोवर बैज, स्किड प्लेट्स, व्हील इंसर्ट और अन्य एक्सटीरियर एलिमेंट्स पर सैटिन प्लैटिनम और सिल्वर क्रोम फिनिश दी गई है, जिससे एसयूवी का प्रीमियम लुक और निखरकर सामने आता है. इसमें स्टैंडर्ड तौर पर 22 इंच के अलॉय व्हील दिए गए हैं, जबकि ग्राहक चाहें तो 23 इंच के बड़े अलॉय व्हील का विकल्प भी चुन सकते हैं. व्हील्स पर दिया गया नया ‘रिवर्स R’ लोगो इसकी एक्सक्लूसिव पहचान को और मजबूत बनाता है.
केबिन में मिलेगा लग्जरी का नया अनुभव
इंटीरियर की बात करें तो SV Ultra में नया ऑर्किड व्हाइट और सिंडर ग्रे ड्यूल-टोन थीम दिया गया है, जिसे रतन पाम वुड विनियर और ग्लॉस व्हाइट सिरेमिक फिनिश के साथ प्रीमियम बनाया गया है. केबिन में नई इल्यूमिनेटेड SV Ultra सिल प्लेट्स और 21 थिन-फिल्म स्पीकर्स वाला अत्याधुनिक इलेक्ट्रोस्टैटिक ऑडियो सिस्टम दिया गया है. हेडरेस्ट, सीटबैक और हेडलाइनर में लगे ये स्पीकर्स बॉडी एंड सोल सीट और हैप्टिक फ्लोर टेक्नोलॉजी के साथ मिलकर यात्रियों को बेहद इमर्सिव और लग्जरी ऑडियो एक्सपीरियंस प्रदान करते हैं.
एडवांस टेक्नोलॉजी और कम्फर्ट फीचर्स
नई एसयूवी में वायरलेस कनेक्टिविटी के साथ 13.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 13.7 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए 13.1 इंच की रियर एंटरटेनमेंट स्क्रीन दी गई है. इसके अलावा हीटेड स्टीयरिंग व्हील, फोर-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, पावर्ड रियर सनब्लाइंड्स, हेड-अप डिस्प्ले, 360 डिग्री सराउंड व्यू कैमरा, केबिन एयर प्यूरीफायर और इलेक्ट्रॉनिक एडजस्टमेंट वाली सीटें मिलती हैं. सभी सीटों में वेंटिलेशन, मसाज और मेमोरी फंक्शन जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं, जो हर सफर को बेहद आरामदायक बनाती हैं.
4.9 सेकंड में पकड़ती है 100 किमी/घंटा की रफ्तार
परफॉर्मेंस के मामले में भी Range Rover SV Ultra किसी सुपर लग्जरी एसयूवी से कम नहीं है. इसमें 4.4 लीटर का ट्विन-टर्बो V8 पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो माइल्ड-हाइब्रिड तकनीक के साथ 540 हॉर्सपावर की ताकत पैदा करता है. यह इंजन 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ आता है. कंपनी के अनुसार, यह एसयूवी महज 4.9 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हासिल कर सकती है, जबकि इसकी अधिकतम स्पीड इलेक्ट्रॉनिक रूप से 261 किमी प्रति घंटे तक सीमित रखी गई है. 3.8 करोड़ रुपये की कीमत के साथ यह मॉडल भारत में रेंज रोवर की सबसे शानदार और सबसे एक्सक्लूसिव पेशकश बनकर सामने आई है.
ये भी पढ़ें: AI फीचर्स, धांसू कैमरा... लॉन्च से पहले Google Pixel 11 Series की डिटेल्स लीक, जानें क्या आया सामने