राजस्थान की राजधानी जयपुर एक बार फिर सुरक्षा के लिहाज से हाई अलर्ट पर आ गई है. वजह है एक धमकीभरा ईमेल, जिसने राज्य सरकार, पुलिस और खुफिया एजेंसियों को चौकन्ना कर दिया है. यह ईमेल न केवल मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्य खेल परिषद के अध्यक्ष IAS नीरज के. पवन को जान से मारने की धमकी देता है, बल्कि सवाई मान सिंह स्टेडियम को बम से उड़ाने की चेतावनी भी इसमें दी गई है.
इस मेल की भाषा न केवल आपत्तिजनक है बल्कि साफ तौर पर हिंसा और बदले की भावना से भरी हुई है. मेल में एक स्पष्ट संदेश है: “अगर पुलिस कार्रवाई नहीं करती, तो हम खुद कानून हाथ में लेंगे.”
ईमेल में क्या लिखा है?
ईमेल में लिखा है कि पुलिस को कुछ समझ नहीं आ रहा कि सही से कैसे जांच करें. अगर हम सामने नहीं आएंगे तो पुलिस हमें नहीं पकड़ पाएगी. हम मुख्यमंत्री को भी मार सकते हैं और पुलिस कुछ नहीं करेगी. अगर जरूरत पड़ी तो हम मुख्यमंत्री को भी मार देंगे. ईमेल क्रिकेट स्टेडियम को भेज रहे हैं, ताकि पुलिस का ध्यान उस बलात्कारी की ओर जाए, जिसने साल 2023 में हैदराबाद के लेमन ट्री होटल में एक लड़की का बलात्कार किया था.
ईमेल में लिखा है कि प्रभाकर और लक्ष्मी ने एक करोड़ रुपये के दहेज के लिए बहू को प्रताड़ित किया. उन्हें फर्क नहीं पड़ता कि उनका बेटा बलात्कारी है. प्रभाकर की 2 बेटियां भी हैं, वो तब भी चुप रहेगा, जब उनकी बेटियों को भी इस तरह प्रताड़ित किया जाए. प्रभाकर ने होम लोन, कार लोन, बाइक और मोबाइल लिए हैं. उसे अपनी बहू की तकलीफ से कोई मतलब नहीं है.
CM और IAS को जान से मारने की धमकी
ई-मेल में यह भी लिखा गया है कि हम नीरज के पवन को टुकड़े-टुकड़े कर काले सूटकेस में पैक कर देंगे. अगर जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भी मार देंगे और उनका शव स्टेडियम के बीचोंबीच रख देंगे.
IP ट्रेस में बाधा बना VPN
ईमेल मिलने के तुरंत बाद राजस्थान पुलिस की साइबर सेल एक्टिव हुई और मेल भेजने वाले की IP ट्रेसिंग शुरू की गई. हालांकि, मेल VPN के जरिए भेजा गया, जिससे उसकी सटीक लोकेशन अब तक नहीं मिल पाई है. इसी बीच स्टेडियम, मुख्यमंत्री आवास और अन्य संवेदनशील जगहों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. राष्ट्रीय जांच एजेंसियों को भी अलर्ट पर रखा गया है क्योंकि मामला अब सिर्फ धमकी भर का नहीं रह गया, बल्कि सीधे-सीधे मुख्यमंत्री और राज्य प्रशासन को चुनौती देने जैसा बन चुका है.
ये भी पढ़ें: CM भजनलाल शर्मा का बड़ा ऐलान, राजस्थान में 1 लाख 88 हजार पदों पर जल्द होगी भर्ती