Raja Shivaji Box Office Day 1 Prediction: 1 मई को बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ‘राजा शिवाजी’ रिलीज होने जा रही है. ट्रेलर आने के बाद से ही यह फिल्म लगातार चर्चा में बनी हुई है. छत्रपति शिवाजी महाराज की जिंदगी पर बनी इस फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है. खास बात यह है कि फिल्म अपनी कहानी के साथ-साथ बड़ी स्टारकास्ट की वजह से भी सुर्खियों में है.
रिलीज से पहले बना माहौल
फिल्म मराठी के साथ-साथ हिंदी और तेलुगु में भी रिलीज हो रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, खासकर महाराष्ट्र में फिल्म को लेकर काफी पॉजिटिव माहौल है. यही वजह है कि एडवांस बुकिंग भी तेजी से बढ़ रही है. हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर पहले से ही ‘भूत बंगला’ और ‘धुरंधर 2’ जैसी फिल्में चल रही हैं, जिससे मुकाबला आसान नहीं होगा. फिर भी ‘राजा शिवाजी’ से बड़ी ओपनिंग की उम्मीद जताई जा रही है.
पहले दिन कितनी हो सकती है कमाई
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म पहले दिन डबल डिजिट में कमाई कर सकती है. खासकर मराठी वर्जन से सबसे ज्यादा उम्मीद है. रिपोर्ट्स के अनुसार, सिर्फ मराठी मार्केट में ही फिल्म 10 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर सकती है. कुछ एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि इसकी ओपनिंग 12 से 14 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है, जो मराठी सिनेमा के लिए काफी बड़ी बात होगी.
हिंदी वर्जन से भी उम्मीद
फिल्म का हिंदी वर्जन भी ठीक-ठाक कमाई कर सकता है. शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, हिंदी में पहले दिन 2 से 3 करोड़ रुपये की कमाई हो सकती है. हालांकि, फिल्म को असली फायदा आने वाले दिनों में मिल सकता है, अगर दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला. पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ फिल्म की कमाई को और बढ़ा सकता है.
कुल ओपनिंग कितनी हो सकती है
अगर मराठी और हिंदी दोनों वर्जन की कमाई को जोड़ दें, तो ‘राजा शिवाजी’ भारत में पहले दिन करीब 14 से 15 करोड़ रुपये तक कमा सकती है. फिल्म 1 मई को रिलीज हो रही है, जो महाराष्ट्र दिवस का दिन होता है. छुट्टी होने की वजह से भी फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर फायदा मिलने की पूरी उम्मीद है.
क्या बनेगा नया रिकॉर्ड?
मराठी फिल्मों की बात करें तो ओपनिंग डे पर सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड ‘सैराट’ के नाम है, जिसने पहले दिन करीब 4.2 करोड़ रुपये कमाए थे. अगर ‘राजा शिवाजी’ वाकई 14-15 करोड़ की ओपनिंग करती है, तो यह मराठी सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग देने वाली फिल्म बन सकती है.
स्टारकास्ट भी है बड़ी ताकत
फिल्म में रितेश देशमुख मुख्य भूमिका में नजर आएंगे. उनके साथ संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी, अमोल गुप्ते और जेनेलिया देशमुख जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.
क्या रहेगा आगे का रास्ता
कुल मिलाकर, फिल्म को लेकर उम्मीदें काफी ज्यादा हैं. अगर कहानी और प्रस्तुति दर्शकों को पसंद आती है, तो यह फिल्म सिर्फ ओपनिंग में ही नहीं, बल्कि पूरे हफ्ते अच्छा प्रदर्शन कर सकती है. अब सबकी नजर 1 मई पर है, जब यह तय होगा कि ‘राजा शिवाजी’ बॉक्स ऑफिस पर इतिहास बनाती है या नहीं.
ये भी पढ़ें- बड़ा तूफान आने वाला है... ट्रंप के इस पोस्ट ने दुनिया में बढ़ाई हलचल, क्या ईरान पर फिर हमला करेगा अमेरिका?