Weather: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक ओर मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ राज्यों में अभी भी भीषण गर्मी और लू का असर बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों में मानसून तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कई नए इलाकों तक पहुंच सकता है.
इसके साथ ही कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में हीटवेव की चेतावनी भी जारी की गई है.
दिल्ली में 22 जून तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 जून से 22 जून के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. इस दौरान बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. आज दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश में लू और बारिश दोनों के संकेत
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा. पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में लू चलने की संभावना है. हालांकि कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक 19 से 24 जून के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है.
बिहार और झारखंड में तेज आंधी की चेतावनी
बिहार में आज मौसम काफी सक्रिय रह सकता है. कई जिलों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. गोपालगंज, नालंदा सहित कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं. वहीं झारखंड के कई इलाकों में भी आंधी और तूफानी मौसम का अनुमान लगाया गया है.
मध्य प्रदेश और राजस्थान में बदलेगा मौसम
राजस्थान के कई हिस्सों में तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना है. कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. मध्य प्रदेश में भी तेज हवाओं के साथ मौसम खराब रहने के संकेत हैं और कई जिलों में बारिश दर्ज की जा सकती है.
पहाड़ी राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ गरज-चमक और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि इससे पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आएगी और मौसम अधिक सुहावना हो जाएगा.
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है.
इसके अलावा केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई हिस्सों में भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. वहीं 20 जून को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
मानसून की बढ़ रही रफ्तार
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में मध्य एवं पूर्वी भारत के कई नए क्षेत्रों को कवर कर सकता है. इससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि कुछ इलाकों में अभी भी लू का असर जारी रह सकता है.
ये भी पढ़ें- Love Rashifal: सिंगल लोगों के लिए खुशखबरी, इन राशि वालों को मिलेगा प्यार और रोमांस, जानें लव राशिफल