Rahu Ketu Gochar 2026: ज्योतिष शास्त्र में राहु और केतु को छाया ग्रह माना जाता है. इन दोनों ग्रहों के राशि परिवर्तन को महत्वपूर्ण ज्योतिषीय घटना माना जाता है. मान्यता है कि इनके गोचर का असर व्यक्ति के करियर, आर्थिक स्थिति, पारिवारिक जीवन और रिश्तों पर पड़ सकता है. साल 2026 के आखिरी महीने में राहु और केतु एक बार फिर राशि बदलने जा रहे हैं. इस दौरान राहु कुंभ राशि से निकलकर मकर में प्रवेश करेंगे, जबकि केतु सिंह राशि छोड़कर कर्क राशि में आ जाएंगे.
ज्योतिषीय गणना के अनुसार, दोनों ग्रह करीब 18 महीने तक इन राशियों में रहेंगे. इस गोचर को कुछ राशियों के लिए तरक्की और आर्थिक लाभ के अवसरों से जोड़कर देखा जा रहा है. वहीं, कुछ जातकों को इस दौरान फैसले लेते समय सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है. आइए जानते हैं राहु-केतु का गोचर कब होगा और किन 6 राशियों के लिए यह अनुकूल रह सकता है.
राहु-केतु का राशि परिवर्तन कब होगा?
मीन नोड यानी औसत गणना पद्धति के अनुसार, 5 दिसंबर 2026, शनिवार की रात 10 बजकर 32 मिनट पर राहु और केतु राशि परिवर्तन करेंगे. इस दौरान राहु कुंभ राशि से मकर राशि में प्रवेश करेंगे, जबकि केतु सिंह राशि से निकलकर कर्क में गोचर करेंगे.
दोनों ग्रह करीब 18 महीने तक इसी स्थिति में रहेंगे. इसके बाद 24 जून 2028 को उनका अगला राशि परिवर्तन होगा. हालांकि, कुछ पंचांगों में राहु-केतु के गोचर की तारीख 25 नवंबर भी बताई गई है. इसकी वजह ट्रू नोड यानी वास्तविक स्थिति और मीन नोड यानी औसत स्थिति के आधार पर की जाने वाली अलग-अलग गणना है. यहां 5 दिसंबर की तारीख औसत गणना पद्धति के अनुसार दी गई है.
इन राशियों को मिल सकते हैं शुभ परिणाम
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, राहु और केतु का गोचर कुछ राशियों के लिए अनुकूल परिणाम दे सकता है. खासतौर पर चंद्र राशि से तीसरे, छठे और ग्यारहवें भाव में इन ग्रहों की स्थिति को शुभ फल देने वाला माना जाता है.
वृषभ राशि
वृषभ राशि के जातकों के लिए राहु-केतु का यह गोचर अनुकूल रह सकता है. लंबे समय से अटके कामों में तेजी आने की संभावना है. नौकरी और करियर से जुड़े मामलों में नए अवसर मिल सकते हैं. विदेश से जुड़े काम करने वालों को भी लाभ के संकेत मिल सकते हैं. हालांकि, किसी बड़े फैसले से पहले उसके सभी पहलुओं पर विचार करना बेहतर रहेगा.
सिंह राशि
सिंह राशि वालों के लिए राहु का छठे भाव में गोचर प्रतियोगिता और नौकरी से जुड़े मामलों में सकारात्मक परिणाम देने वाला माना जाता है. विरोधियों पर बढ़त मिल सकती है और लंबे समय से चली आ रही परेशानियों का समाधान निकल सकता है. नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को नए अवसर मिल सकते हैं. इस दौरान सेहत को लेकर लापरवाही करने से बचें.
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के लिए यह गोचर आय के नए रास्ते खोल सकता है. आमदनी बढ़ाने के अवसर मिल सकते हैं और कामकाज में प्रगति देखने को मिल सकती है. नौकरीपेशा लोगों को अपनी मेहनत का अच्छा परिणाम मिलने की उम्मीद रहेगी. हालांकि, निवेश से जुड़े मामलों में सोच-समझकर कदम उठाएं और जल्दबाजी में किसी को पैसा उधार देने से बचें.
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों के लिए राहु का तीसरे भाव में गोचर साहस और आत्मविश्वास बढ़ाने वाला माना जाता है. इस दौरान नए लोगों से संपर्क बन सकते हैं. कारोबार से जुड़े लोगों को नए अवसर मिल सकते हैं, जबकि नौकरीपेशा जातकों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल सकता है. किसी भी काम में जल्दबाजी करने से बचना बेहतर रहेगा.
कुंभ राशि
कुंभ राशि के जातकों के लिए केतु का छठे भाव में गोचर विरोधियों और प्रतिस्पर्धा से जुड़े मामलों में राहत दे सकता है. कार्यक्षेत्र में चुनौतियों का सामना करने की क्षमता बढ़ सकती है. पुराने विवादों को सुलझाने के अवसर मिल सकते हैं. हालांकि, खर्चों पर नियंत्रण रखें और अपनी सेहत को नजरअंदाज न करें.
मीन राशि
मीन राशि वालों के लिए राहु का ग्यारहवें भाव में गोचर लाभ और इच्छाओं की पूर्ति से जुड़ा माना जाता है. नौकरी में तरक्की, वेतन वृद्धि या नए प्रोजेक्ट मिलने की संभावना बन सकती है. कारोबारियों को नए ग्राहक मिल सकते हैं. लंबे समय से अटका हुआ धन वापस मिलने की उम्मीद भी बन सकती है.
राहु और केतु का ज्योतिष में क्या है महत्व?
वैदिक ज्योतिष में राहु को महत्वाकांक्षा, इच्छाओं, भौतिक सुख-सुविधाओं, भ्रम और अचानक होने वाले बदलावों से जोड़कर देखा जाता है. वहीं, केतु को आध्यात्मिकता, वैराग्य, आत्मचिंतन और पुराने कर्मों का कारक माना जाता है. ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, राहु और केतु हमेशा एक-दूसरे से सातवें स्थान पर यानी 180 डिग्री की दूरी पर रहते हैं. इनकी चाल उलटी मानी जाती है और ये लगभग 18 महीने में एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश करते हैं. यही वजह है कि इनके गोचर का प्रभाव लंबे समय तक रहने की मान्यता है.
यह भी पढ़ें: 2027 में गुरु की 3 चाल बदलेंगी किस्मत! इन 4 राशियों को मिल सकता है बड़ा लाभ