नई दिल्ली: राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी (आप) से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की घोषणा की, और शुक्रवार को वह भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय पहुंचे. इस मौके पर उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की, जिसमें उनके साथ अशोक मित्तल और संदीप पाठक भी मौजूद थे. भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुलदस्ता देकर और मिठाई खिलाकर तीनों सांसदों का स्वागत किया.

इससे पहले राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आज, भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए राज्यसभा में आम आदमी पार्टी (आप) के दो-तिहाई से अधिक सांसदों ने भाजपा में विलय कर लिया है. सात सांसदों ने उस दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसे राज्यसभा के अध्यक्ष को सौंपा गया था. मैंने, दो अन्य सांसदों के साथ, व्यक्तिगत रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेज सौंपे.

"दो-तिहाई से ज्यादा सांसद हमारे साथ"
इससे पहले राघव चड्ढा ने कहा कि राज्यसभा में ‘आप’ के 10 सांसद हैं और दो-तिहाई से ज्यादा सांसद इस मुहिम में हमारे साथ हैं. उन्होंने पहले ही हस्ताक्षर कर दिए हैं, और आज सुबह हमने सभी जरूरी दस्तावेज, जिनमें हस्ताक्षरित पत्र और अन्य औपचारिक कागजात शामिल हैं, राज्यसभा के सभापति को सौंप दिए हैं.

उन्होंने आगे कहा कि जैसा कि मैंने बताया, दो-तिहाई से ज्यादा सांसद हमारा समर्थन कर रहे हैं और हम जल्द ही आपको पूरी सूची उपलब्ध करा देंगे. उनमें से तीन सांसद अभी आपके सामने यहां मौजूद हैं. इनके अलावा, विश्व-स्तरीय क्रिकेटर हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल भी शामिल हैं.

"मेरे रास्ते आज से अलग हैं"
वहीं प्रेस वार्ता में संदीप पाठक ने कहा कि मैंने अपने जीवन में नहीं सोचा था ये स्थिति आएगी और ये आ गई. आज आम आदमी पार्टी से अपने रिश्ते अलग कर रहा हूं. मैं किसान परिवार से आया फिर पढ़ाई लिखाई की. सिर्फ एक मकसद से राजनीति में आया कि देश के लिए कुछ बड़ा कर सकूं. देश सेवा के मकसद से आम आदमी पार्टी में जुड़ा. मैंने हमेशा अरविंद केजरीवाल को आगे रखा. अब तक मैंने जो भी निर्णय लिया पार्टी को सर्वोपरि रखकर लिया. मैंने पूरी इमानदारी के साथ काम किया. देश में राजनीतिक दल रहने चाहिए. मेरे रास्ते आज से अलग हैं.
ये भी पढ़ें: पंजाब चुनाव से पहले AAP के साथ बड़ा खेल, राघव चड्ढा के अलावा ये 6 राज्यसभा सांसद BJP में होंगे शामिल