R Praggnanandhaa: आर प्रज्ञानंद ने शतरंज में किया कमाल, जीता Grand Chess Tour, ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय

R Praggnanandhaa win Grand Chess Tour: 6 अंकों से पिछड़ने के बाद प्रज्ञानंद ने शानदार वापसी करते हुए मौजूदा चैंपियन फैबियानो कारूआना को हराया और खिताब अपने नाम की.

r-praggnanandhaa-wins-grand-chess-tour-title-history
Image Source: Internet

R Praggnanandhaa win Grand Chess Tour: भारतीय शतरंज के उभरते सितारे आर प्रज्ञानंद ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है. सेंट लुइस में खेले गए ग्रैंड चेस टूर के खिताबी मुकाबले में प्रज्ञानंद ने मौजूदा चैंपियन फैबियानो कारूआना को हराकर इतिहास रच दिया. खास बात यह रही कि एक समय वह 6 अंकों से पिछड़ रहे थे, लेकिन उन्होंने दबाव में शानदार खेल दिखाते हुए ऐसी वापसी की, जिसने उन्हें खिताब तक पहुंचा दिया. इस जीत के साथ प्रज्ञानंद ग्रैंड चेस टूर की ट्रॉफी जीतने वाले पहले भारतीय शतरंज खिलाड़ी बन गए हैं.

3-9 से पिछड़ने के बाद पलट दिया पूरा मुकाबला

क्लासिकल मुकाबलों के बाद प्रज्ञानंद के सामने चुनौती बेहद मुश्किल थी. वह कारूआना से 3-9 से पीछे थे और ऐसा लग रहा था कि खिताब उनके हाथ से निकल चुका है. हालांकि, प्रज्ञानंद ने हार मानने के बजाय रैपिड मुकाबलों में अपना दम दिखाया और लगातार दोनों गेम जीतकर स्कोर 11-9 कर दिया. इसके बाद ब्लिट्ज मुकाबलों में रोमांच और बढ़ गया. कारूआना ने दूसरा ब्लिट्ज गेम जीतकर स्कोर 12-12 से बराबर कर दिया, लेकिन प्रज्ञानंद ने तीसरे ब्लिट्ज मुकाबले में बाजी मारते हुए फिर बढ़त हासिल कर ली. निर्णायक मुकाबले में उन्हें केवल ड्रॉ की जरूरत थी और उन्होंने थ्री-फोल्ड रिपीटिशन के जरिए ड्रॉ हासिल कर खिताब अपने नाम कर लिया.

फाइनल में प्रज्ञानंद का रहा दबदबा

खिताबी मुकाबले के कुल 6 गेम में प्रज्ञानंद ने 3 जीत दर्ज कीं, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे और उन्हें सिर्फ 1 गेम में हार का सामना करना पड़ा. उनकी यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि उन्होंने बेहद कठिन स्थिति से वापसी करते हुए मौजूदा चैंपियन को मात दी. जीत के बाद प्रज्ञानंद ने माना कि 6 अंकों के अंतर को खत्म करना आसान नहीं था. उन्होंने अपनी सफलता में रैपिड और ब्लिट्ज खेल में पिछले साल की तुलना में हुए सुधार को अहम बताया. यही सुधार निर्णायक चरण में उनके काम आया और उन्होंने दबाव के बीच शानदार प्रदर्शन किया.

प्रज्ञानंद ने कितनी कमाई की?

ग्रैंड चेस टूर का खिताब जीतने के साथ प्रज्ञानंद को 200,000 डॉलर की पुरस्कार राशि मिली, जो भारतीय रुपये में करीब 1.91 करोड़ रुपये बैठती है. इस जीत का एक और बड़ा फायदा उन्हें अगले सीजन के लिए मिला है. प्रज्ञानंद ने 2027 ग्रैंड चेस टूर के लिए सीधे क्वालिफाई कर लिया है. साल 2026 के पूरे सर्किट में भी प्रज्ञानंद की कमाई शानदार रही. उन्होंने अलग-अलग मुकाबलों से कुल 404,354 डॉलर यानी करीब 4 करोड़ रुपये की प्राइज मनी अपने नाम की. ऐतिहासिक खिताब के साथ यह उपलब्धि भारतीय शतरंज के लिए भी एक बड़ी सफलता मानी जा रही है.

ये भी पढ़ें- Hockey World Cup: भारत ने जर्मनी को हराकर रचा इतिहास, 52 साल पुराना रिकॉर्ड किया ध्वस्त