Ram Mandir Pran Pratishtha उत्तर प्रदेश के अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर में राम लला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा आगामी 22 जनवरी को होगी, इसको लेकर सिर्फ अयोध्या में ही नहीं बल्कि देशभर में उत्साह है. इस दिन अयोध्या में तो मुख्य आयोजन होगा, लेकिन देशभर में दीये जलाए जाएंगे. इसको लेकर भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों में खासतौर से तैयारी की गई है. भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी दीप जलाने को लेकर मोर्चा संभाल लिया है. बताया जा रहा है कि इस दिन देशभर में करोड़ों लोग अपने-अपने घरों के साथ मंदिरों में भी दीये जलाएंगे. कुछ मंदिरों में तो भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया जाना है.
कई राज्यों में रहेगा सार्वजनिक अवकाश
मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के अलावा कई राज्यों में राम लला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के रोज 22 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है. राज्य सरकारों का कहना है कि जनभावनाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे राम भक्त अपने घर अथवा मंदिरों में राम लला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के मद्देनज आयोजन कर सकें. बता दें कि भारी भीड़ के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहले ही लोगों से 22 जनवरी को अयोध्या नहीं आने की अपील कर चुके हैं. बता दें कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा और हरिय़ाणा में 22 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश रहेगा. इस दिन खासतौर से स्कूल बंद रहेंगे.
भाजपा शासित राज्यों में रहेगा ड्राईडे
उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश समेत भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों में 22 जनवरी को ड्राईडे घोषित कर दिया गया है. इस दिन भाजपा शासित सभी राज्यों में शराब की दुकानें बंद रहेंगी और शराब बेचने और खरीदने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा. भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अन्य राज्य सरकारों से भी 22 जनवरी को ड्राईडे घोषित करने की अपील की है. देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां पर पर भी कई तरह के आयोजन होंगे. दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जमकर तैयारी की है.