अंबाला में फिर दोहराई गई 'प्रिंस' जैसी घटना; 220 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 4 साल का मासूम, रेस्क्यू जारी

Ambala Borewell Operation: सुबह खेत में पिता के साथ गया मासूम खेलते-खेलते खुले बोरवेल में गिर गया. करीब 220 फीट की गहराई पर फंसे बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए NDRF, प्रशासन और अन्य एजेंसियां लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं.

Prince like incident repeated in Ambala 4 year old child falls into 220 foot deep borewell
Image Source: Internet

Ambala Borewell Operation: हरियाणा के अंबाला जिले के धन्यौड़ा गांव में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. खेत में परिवार के साथ गया करीब चार वर्षीय बच्चा अचानक खुले बोरवेल में गिर गया. हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू कर दिया गया.

खेत में पिता के साथ आया था मासूम

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मासूम निर्भय सुबह अपने पिता, चाचा और अन्य परिजनों के साथ खेत पहुंचा था. परिवार के सदस्य अपने काम में व्यस्त थे, जबकि बच्चा पास में खेल रहा था. इसी दौरान वह खुले पड़े बोरवेल के पास पहुंच गया और संतुलन बिगड़ने से उसमें गिर गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

220 फीट नीचे फंसा है बच्चा

जिला प्रशासन के मुताबिक, बच्चा लगभग 220 फीट की गहराई पर फंसा हुआ है. उपायुक्त अजय सिंह तोमर स्वयं मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं. बचाव अभियान में एनडीआरएफ (NDRF) की टीम के साथ अन्य एजेंसियां भी जुटी हुई हैं. प्रशासन ने बताया कि जरूरत पड़ने पर सेना की मशीनों की भी मदद ली जा रही है ताकि बच्चे को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.

ऑक्सीजन और कैमरे से रखी जा रही निगरानी

बचाव अभियान के दौरान बोरवेल के भीतर लगातार ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है, ताकि बच्चे को सांस लेने में कोई दिक्कत न हो. साथ ही एक विशेष कैमरे की मदद से उसकी स्थिति और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. रेस्क्यू टीम हर संभव प्रयास कर रही है कि बिना किसी नुकसान के बच्चे को बाहर निकाला जा सके.

खुले बोरवेल पर होगी कार्रवाई

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिस व्यक्ति के खेत में यह खुला बोरवेल था, उसके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि यदि बोरवेल को सुरक्षित तरीके से ढक दिया गया होता, तो यह हादसा टाला जा सकता था.

प्रशासन ने लोगों से की अपील

अधिकारियों ने किसानों और जमीन मालिकों से अपील की है कि खेतों में मौजूद सभी खुले या अनुपयोगी बोरवेल को तुरंत बंद या सुरक्षित ढक दें. उनका कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, खासकर उन जगहों पर जहां बच्चे अक्सर खेलते हैं.

ये भी पढ़ें- भारतीय सेना में शामिल होगी 'बाज बटालियन', चीन-पाक सीमा पर होगी 24 घंटे निगरानी, ड्रोन वॉर की तैयारी पूरी