जेवर में नया शहर बसाने की तैयारी, एयरपोर्ट के पास बनेगा एयरोपोलिस, बदल जाएगी इलाके की तस्वीर

उत्तर प्रदेश के जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने वाले समय में सिर्फ हवाई सफर का केंद्र नहीं रहेगा. इसके आसपास एक नया शहर बसाने की भी तैयारी है.

Preparations to establish a new city in Jewar an aeropolis built near the airport
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

उत्तर प्रदेश के जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने वाले समय में सिर्फ हवाई सफर का केंद्र नहीं रहेगा. इसके आसपास एक नया शहर बसाने की भी तैयारी है. यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने एयरपोर्ट के पास एयरोपोलिस विकसित करने की योजना बनाई है. यहां विमानन सेवाओं के साथ उद्योग, कारोबार, सामान के रखरखाव और लोगों के रहने के लिए भी सुविधाएं विकसित की जाएंगी.

इस योजना से जेवर और आसपास के इलाकों में विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है. यहां नए उद्योग और कारोबार शुरू हो सकेंगे, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे. इसके अलावा दूसरे शहरों से काम के लिए आने वाले लोगों को भी इसका फायदा मिल सकता है.

मास्टर प्लान 2041 में शामिल है एयरोपोलिस

यमुना प्राधिकरण ने एयरोपोलिस को अपने मास्टर प्लान 2041 में शामिल किया है. इसके तहत जेवर एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्र को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा. यहां सड़क, आवास और अन्य जरूरी सुविधाओं के साथ उद्योग और कारोबार के लिए भी जगह तय की जाएगी. इसका मकसद एयरपोर्ट के आसपास एक ऐसा आधुनिक शहर बसाना है, जहां लोगों को रहने और काम करने की सुविधाएं एक ही जगह मिल सकें.

एक ही जगह मिलेंगी कई तरह की सुविधाएं

प्रस्तावित एयरोपोलिस में विमानन से जुड़े कामों के अलावा लॉजिस्टिक्स, उद्योग और व्यापार को भी बढ़ावा दिया जाएगा. यहां गोदाम, परिवहन और कारोबार से जुड़ी सुविधाएं विकसित करने की योजना है. इसके साथ ही लोगों के रहने के लिए आवासीय क्षेत्र भी बनाए जाएंगे. इससे एयरपोर्ट और आसपास के उद्योगों में काम करने वाले लोगों को दूर जाकर घर तलाशने की जरूरत कम होगी. वहीं, कारोबारियों को सामान लाने-ले जाने और व्यापार से जुड़े कामों में भी आसानी होगी.

उद्योग और रोजगार के नए अवसर होंगे पैदा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के बाद जेवर और यमुना सिटी में विकास की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है. एयरोपोलिस इस बदलाव को और आगे ले जा सकता है. एयरपोर्ट के जरिए जेवर की देश और दुनिया से कनेक्टिविटी बेहतर होगी. इसके साथ ही उद्योगों और कारोबार के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं.