अगर पत्नी बोले झूठ या करे छल, तब क्या करना चाहिए? प्रेमानंद महराज से सुन लीजिए जवाब

वृंदावन की पवित्र भूमि से निकले प्रेमानंद जी महाराज न सिर्फ एक आध्यात्मिक गुरु हैं, बल्कि जीवन के हर रिश्ते को समझाने वाले एक संवेदनशील मार्गदर्शक भी हैं. उनके प्रवचन और विचार लाखों लोगों के जीवन को दिशा देते हैं.

Premanand Maharaj Speaks on how to treat your wife
Image Source: Social Media

वृंदावन की पवित्र भूमि से निकले प्रेमानंद जी महाराज न सिर्फ एक आध्यात्मिक गुरु हैं, बल्कि जीवन के हर रिश्ते को समझाने वाले एक संवेदनशील मार्गदर्शक भी हैं. उनके प्रवचन और विचार लाखों लोगों के जीवन को दिशा देते हैं. हाल ही में उनके एक उपदेश ने फिर लोगों का ध्यान खींचा है, जिसमें उन्होंने बताया कि अगर किसी व्यक्ति की पत्नी झूठ बोलने लगे, छल करने लगे या कटु व्यवहार करे, तो पति को ऐसे समय में क्या करना चाहिए.

प्रेमानंद जी महाराज के एक भक्त ने उनसे प्रश्न किया – “महाराज, अगर पत्नी झूठ बोले, कड़वे वचन कहे, प्रपंच करे या साथ न दे, तो ऐसे में क्या करना उचित है?” इस सवाल के जवाब में महाराज जी ने जो कहा, वह वैवाहिक जीवन के सबसे गहरे सत्य को उजागर करता है. उन्होंने कहा, “अगर पत्नी झूठ बोले या छल करे, तो उस पर क्रोध करने के बजाय उसे और अधिक प्रेम देना चाहिए. क्योंकि प्रेम ही वह शक्ति है जो हर रिश्ते को बचा सकती है.”

कर्तव्य निभाना ही सच्चा धर्म है

महाराज प्रेमानंद जी ने आगे कहा कि पति का धर्म है अपनी पत्नी को स्नेह, सम्मान और सुविधा देना. यह उसका ‘पति-धर्म’ है. अगर पत्नी अपने कर्तव्यों को भूल भी जाए, तो इसका यह अर्थ नहीं कि पति भी अपने धर्म से विचलित हो जाए. उन्होंने कहा, “आपका जो कर्तव्य है, उसे निभाते रहिए. यदि पत्नी प्रतिकूलता दिखाए, कटु वचन कहे या दुख दे, तब भी प्रेम में कमी नहीं आनी चाहिए. क्योंकि आपका कर्म आपके साथ है और उसका कर्म उसके साथ. भगवान सब देख रहे हैं.”

“पत्नी में भी है भगवान का अंश”

महाराज जी ने समझाया कि हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि पत्नी में भी भगवान का ही अंश है. इसलिए उसका विरोध करने या उससे रुष्ट होने की जगह उसे समझाना चाहिए. उन्होंने कहा, “पति के रूप में आप अपनी बात शांति से रखिए, लेकिन अगर वह न माने तो क्रोध न करें. क्योंकि विरोध से रिश्ते टूटते हैं, परंतु धैर्य से रिश्ते बनते हैं.”

अगर पत्नी त्याग दे, तब भी प्रेम में कमी न लाएं

महाराज प्रेमानंद जी ने यह भी कहा कि अगर कभी पत्नी त्याग कर भी चली जाए, तो उसके प्रति वैर या क्रोध का भाव न रखें. “आप कभी पत्नी का त्याग मत करें, क्योंकि त्याग प्रेम नहीं, अहंकार की निशानी है. अगर आप सहन करना सीख लें, तो अपने परिवार को, अपने आप को और अपने जीवन को बचा सकते हैं.”

“सहनशीलता है रिश्तों की असली ताकत”

प्रेमानंद महाराज ने आज के समय की सबसे बड़ी समस्या पर भी बात की — सहनशीलता की कमी. उन्होंने कहा, “आजकल लोग छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा हो जाते हैं. रिश्ते टूट जाते हैं क्योंकि हम सहना भूल गए हैं. जबकि जो व्यक्ति सहनशील होता है, वही सच्चा विजेता होता है. प्रेम और सहनशीलता ही वैवाहिक जीवन का मूल आधार हैं.”

“प्रेम और धैर्य से ही मिलती है शांति”

महाराज जी के अनुसार, अगर व्यक्ति अपने भीतर प्रेम और धैर्य का भाव रखे, तो घर में शांति बनी रहती है. रिश्ते मजबूत होते हैं और परिवार में सकारात्मकता बनी रहती है. “जितना आप बर्दाश्त करना सीखेंगे, उतना ही जीवन में सुख बढ़ेगा. क्योंकि भगवान उसी के साथ हैं जो दूसरों को क्षमा करता है.”

यह भी पढ़ें: Aaj Ka Rashifal 11 November 2025: मिलाजुला रहेगा आपका आज का दिन, पढ़ें आज का राशिफल; मेष से मीन का हाल