भारत24, डिजिटल डेस्क: 2024 के आम चुनाव के लिए विपक्षी INDIA गठबंधन की तैयारियां जोरों पर हैं. 19 नवंबर (मंगलवार) को दिल्ली में इंडिया अलायंस के दलों की बैठक होनी है. देशभर से विपक्षी नेताओं का दिल्ली पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है. इसी क्रम में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव दिल्ली रवाना होने के लिए सोमवार को पटना एयरपोर्ट पहुंचे. इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से मुलाकात की. लालू ने पत्रकारों से कहा कि हम साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे. इसके बाद जो हुआ वो ये कि आपको वो वीडियो याद होगा जब एक पत्रकार पर भड़कते हुए लालू यादव ने कहा था, 'मैं तुम्हें एक मुक्का मारूंगा, तुम नाचकर गिर जाओगे...भक्क'. बिल्कुल वैसा तो नहीं लेकिन लालू यादव एक बार फिर कुछ ऐसे ही अंदाज में दिखे.
रोज एक्केगो सवाल पूछते हो- लालू
दिल्ली रवाना होने से पहले राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कहा कि सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे. इसी बीच एक पत्रकार ने पीएम नरेंद्र मोदी से जुड़ा सवाल पूछ लिया. लालू को शायद ये सवाल बेतुका लगा और इसके बाद वो भड़क गए. दरअसल सवाल ये था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दावा किया है कि बीजेपी दोबारा सत्ता में आएगी. इस पर लालू नाराज हो गये और पत्रकार को फटकार लगायी. उन्होंने कहा, 'रोज एक्केगो (एक ही) सवाल पूछते हो। आपको सिर्फ यही सवाल आता है क्या?'
जब लंबे समय बाद गरम मिजाज में दिखे लालू
पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल पर लालू प्रसाद यादव का गुस्सा कैमरे में कैद हो गया. इसके बाद लालू क्लास लगाने के मूड में आ गये. उन्होंने कहा कि 'नरेंद्र मोदी ने कहा है कि अगली बार आऊंगा! क्या यह कोई प्रश्न है? क्या आपके पास भी यही प्रश्न है? ये सवाल हर दिन पूछता है. लालू प्रसाद यादव ने अपने अंदाज में कहा कि 'फलां कह रहा है कि आऊंगा...तो आ जाओ! क्या यही प्रश्न है? इसके बाद लालू प्रसाद यादव ने कहा, 'हम बैठक में हिस्सा लेने जा रहे हैं. हम साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे और इन लोगों (BJP) को हटा देंगे.'