अगर आपका बैंक ब्रांच से जुड़ा कोई जरूरी काम पेंडिंग है, तो उसे जल्द निपटा लेना फायदेमंद रहेगा. पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने ग्राहकों को 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को लेकर अलर्ट किया है. बैंक ने अपने आधिकारिक एक्स पोस्ट के जरिए सलाह दी है कि ग्राहक 25 सितंबर तक शाखा से जुड़े जरूरी काम पूरे कर लें, क्योंकि हड़ताल के दौरान ब्रांच की सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं.
25 सितंबर तक निपटा लें जरूरी बैंकिंग काम
PNB ने ग्राहकों से कहा है कि कैश जमा या निकासी, जरूरी दस्तावेज जमा करने और शाखा से जुड़े अन्य कामों को आखिरी समय तक न टालें. 25 सितंबर तक ऐसे जरूरी काम पूरे कर लेने से हड़ताल के दौरान संभावित परेशानी से बचा जा सकता है. खास बात यह है कि 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार है, जिसके कारण लगातार कई दिनों तक शाखा सेवाओं की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है.
डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का कर सकते हैं इस्तेमाल
हड़ताल के दौरान ATM, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, UPI और बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट जैसी सेवाओं को उपलब्ध रखने की कोशिश की जाएगी. ऐसे में जिन बैंकिंग कामों को ऑनलाइन पूरा किया जा सकता है, उनके लिए ग्राहक डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर सकते हैं. हालांकि, जिन सेवाओं के लिए शाखा जाना जरूरी है, उन्हें पहले ही पूरा कर लेना बेहतर रहेगा.
Important Advisory!
— Punjab National Bank (@pnbindia) September 22, 2026
Please Take a Note. pic.twitter.com/w2IAsofacw
क्यों हो रही है तीन दिन की बैंक हड़ताल?
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) और उससे जुड़े संगठनों ने 28 से 30 सितंबर तक राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है. बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में बैंकों में पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू करना शामिल है. प्रस्तावित हड़ताल को लेकर बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है.
ग्राहकों के लिए जरूरी सावधानी
बैंक हड़ताल के दौरान शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की स्थिति में ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. इसलिए PNB ने सलाह दी है कि जरूरी ब्रांच संबंधी काम 25 सितंबर तक निपटा लिए जाएं और जहां संभव हो, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल किया जाए. इससे लगातार छुट्टियों और हड़ताल के दौरान जरूरी बैंकिंग काम अटकने की संभावना कम की जा सकती है.
ये भी पढ़ें: स्टार्टअप की दुनिया में भारतीयों का डंका, देश में 102 और विदेश में खड़ी कीं 205 यूनिकॉर्न कंपनियां