Flydubai Flight Incident: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार, 30 सितंबर को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उड़ान के दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच हिंसक झड़प हो गई. रिपोर्टों के मुताबिक, ओमानी मूल के को-पायलट ने भारतीय कैप्टन पर हमला किया, जिसके बाद विमान अचानक नीचे उतरने लगा. स्थिति बिगड़ने पर यात्रियों और क्रू के कुछ सदस्यों ने हस्तक्षेप किया और विमान को सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया.
इस घटना के बाद विमान के मुख्य पायलट की पहचान भारतीय नागरिक कैप्टन स्मित मच्छर के तौर पर सामने आई है. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, घायल होने के बावजूद उन्होंने विमान को नियंत्रण से बाहर जाने से रोकने में अहम भूमिका निभाई. हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों और को-पायलट की मंशा की जांच अभी जारी है.
कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छर?
रिपोर्टों के मुताबिक, स्मित मच्छर एक अनुभवी भारतीय कमर्शियल पायलट हैं और फ्लाईदुबई से जुड़ने से पहले स्पाइसजेट में काम कर चुके हैं. उन्होंने जून 2022 में डायरेक्ट-एंट्री कैप्टन के तौर पर फ्लाईदुबई ज्वाइन किया था. इससे पहले स्पाइसजेट में उन्होंने लंबे समय तक पायलट के रूप में सेवाएं दी थीं. उनके प्रोफेशनल प्रोफाइल के अनुसार, स्मित मच्छर के पास कमर्शियल एविएशन का लंबा अनुभव है. स्पाइसजेट में काम करने के दौरान उन्होंने सीनियर कमांडर और लाइन ट्रेनिंग कैप्टन जैसी जिम्मेदारियां भी संभालीं. बोइंग 737 विमान उड़ाने का भी उन्हें व्यापक अनुभव बताया जाता है.
Boeing 737 का लंबा अनुभव
स्मित मच्छर के लिंक्डइन प्रोफाइल के हवाले से रिपोर्टों में बताया गया है कि उनके पास 13 साल से अधिक का कमर्शियल फ्लाइंग अनुभव है. स्पाइसजेट में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने हजारों फ्लाइंग आवर्स पूरे किए थे और पायलट-इन-कमांड के तौर पर भी बड़ी संख्या में घंटे उड़ान भरी थी. उनका अनुभव केवल नियमित उड़ानों तक सीमित नहीं रहा. रिपोर्टों में उनके प्रोफेशनल अनुभव में लाइन ट्रेनिंग, पायलट चेकिंग और मेंटरिंग के साथ-साथ क्रू रिसोर्स मैनेजमेंट, फ्लाइट स्टैंडर्ड्स, कॉम्प्लायंस और बोइंग 737 ऑपरेशंस जैसी जिम्मेदारियों का भी उल्लेख मिलता है.
कॉकपिट में आखिर हुआ क्या था?
फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव के लिए रवाना हुई थी. उड़ान के दौरान कॉकपिट में पायलटों के बीच झड़प की खबर सामने आई. इसके बाद विमान ने अचानक तेजी से ऊंचाई खोई और इमरजेंसी सिग्नल भी प्रसारित हुआ. फ्लाइट को अंततः सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया, जहां विमान सुरक्षित उतर गया.
इजरायली अधिकारियों और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ओमानी को-पायलट ने कैप्टन पर हमला किया था और विमान के नियंत्रण को लेकर संघर्ष हुआ. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कहा कि एक पायलट ने दूसरे पर चाकू से हमला किया और विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की. हालांकि, इन दावों के सभी विवरणों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच जारी है.
यात्रियों की मदद से काबू में आया को-पायलट
रिपोर्टों के मुताबिक, कॉकपिट में हालात बिगड़ने के बाद विमान में मौजूद यात्रियों और क्रू के सदस्यों ने हस्तक्षेप किया. इसके बाद हमलावर बताए जा रहे को-पायलट को काबू में किया गया. विमान में मौजूद अतिरिक्त फ्लाईदुबई पायलटों ने भी विमान को स्थिर करने और सुरक्षित लैंडिंग में मदद की.
ताबुक में लैंडिंग के बाद दोनों पायलटों को अस्पताल ले जाया गया. फ्लाईदुबई ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि विमान सुरक्षित रूप से ताबुक में उतरा और सभी यात्री सुरक्षित थे. एयरलाइन ने यह भी कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ जांच में सहयोग कर रही है.
ये भी पढ़ें- कौन हैं भारतीय पायलट स्मित माछर? दुबई से इजरायल जा रही फ्लाइट में बचाई 180 यात्रियों की जान