PM मोदी ने युवाओं को दी बड़ी सौगात! 61,000 सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र, कहा– ये है Nation Building का न्योता

केंद्र सरकार के रोजगार अभियान को एक और मजबूती देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को युवाओं को बड़ी सौगात दी. देशभर में आयोजित 18वें रोजगार मेले के तहत पीएम मोदी ने विभिन्न केंद्रीय विभागों और संस्थानों में चयनित 61 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे.

PM Modi distributed appointment letter more than 61 thousand youths today
Image Source: Social Media

केंद्र सरकार के रोजगार अभियान को एक और मजबूती देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को युवाओं को बड़ी सौगात दी. देशभर में आयोजित 18वें रोजगार मेले के तहत पीएम मोदी ने विभिन्न केंद्रीय विभागों और संस्थानों में चयनित 61 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे. इस अवसर को उन्होंने युवाओं के जीवन का नया अध्याय बताते हुए इसे राष्ट्र निर्माण से जोड़ दिया.

प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि आज हजारों युवाओं के लिए सरकारी सेवा में प्रवेश का दिन है, जो सिर्फ नौकरी नहीं बल्कि देश के विकास में भागीदारी का अवसर है. उन्होंने इसे “विकसित भारत” के लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम बताया और कहा कि यह नियुक्ति पत्र राष्ट्र सेवा का निमंत्रण हैं.

नए साल और नए बसंत के साथ नई शुरुआत

पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2026 की शुरुआत युवाओं के जीवन में नई उम्मीदें और खुशियां लेकर आई है. उन्होंने इसे बसंत पंचमी से जोड़ते हुए कहा कि जैसे प्रकृति में बसंत नई ऊर्जा भरता है, वैसे ही यह समय युवाओं के करियर में भी नई ताजगी और जिम्मेदारियों का प्रतीक है. उन्होंने युवाओं को संविधान के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और निभाने की प्रेरणा भी दी.

बदलती तकनीक में खुद को अपडेट रखना जरूरी

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में तेजी से बदल रही तकनीक का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश की जरूरतें और प्राथमिकताएं भी उसी रफ्तार से बदल रही हैं. ऐसे में सरकारी कर्मचारियों के लिए निरंतर सीखना और खुद को अपग्रेड करना बेहद जरूरी है. उन्होंने iGOT प्लेटफॉर्म का उदाहरण देते हुए बताया कि अब तक करीब डेढ़ करोड़ सरकारी कर्मचारी इससे जुड़कर अपने कौशल को निखार रहे हैं. पीएम ने “नागरिक देवो भवः” को सभी के लिए मूल मंत्र बताया.

सुधारों की रफ्तार में आगे बढ़ता भारत

पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत “रिफॉर्म एक्सप्रेस” पर सवार है, जिसका मकसद आम लोगों और कारोबार—दोनों के लिए जीवन को आसान बनाना है. उन्होंने इस बात पर भी खुशी जताई कि इस रोजगार मेले में 8 हजार से अधिक महिलाओं को नियुक्ति पत्र मिले हैं. बीते 11 वर्षों में देश के वर्कफोर्स में महिलाओं की भागीदारी लगभग दोगुनी हुई है, जो सामाजिक बदलाव का संकेत है.

युवाओं के लिए वैश्विक अवसर

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत सरकार कई देशों के साथ ट्रेड और मोबिलिटी एग्रीमेंट कर रही है, जिससे भारतीय युवाओं के लिए विदेशों में भी नए अवसर खुल रहे हैं. डिजिटल मीडिया, टेक्नोलॉजी और क्रिएटर इकोनॉमी जैसे क्षेत्रों में भारत तेजी से ग्लोबल हब के रूप में उभर रहा है. उन्होंने कहा कि यह समय युवाओं के सपनों को उड़ान देने का है और सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है.

यह भी पढ़ें: 18वां रोजगार मेला: 61 हजार जॉब लेटर बांटेंगे पीएम मोदी, 45 जगहों पर किया जाएगा आयोजन