PM किसान योजना की 22वीं किस्त का इंतजार? लेकिन नहीं किया ये काम, अटक सकतें हैं 2 हजार

PM Kisan 22nd Installment:  देश के करोड़ों किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सिर्फ एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि खेती की जरूरतों को संभालने वाला मजबूत सहारा है.

PM Kisan 22nd Installment waiting know how to check your name
Image Source: Ai

PM Kisan 22nd Installment:  देश के करोड़ों किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सिर्फ एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि खेती की जरूरतों को संभालने वाला मजबूत सहारा है. हर चार महीने में मिलने वाले 2000 रुपये से किसान खाद, बीज, दवाइयों से लेकर सिंचाई जैसे जरूरी खर्च पूरे करते हैं. अब जैसे-जैसे अगली किस्त का समय नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे किसानों के मन में सवाल भी बढ़ता जा रहा है कि आखिर PM किसान की 22वीं किस्त कब आएगी और किन किसानों को इसका फायदा मिलेगा.


हालांकि सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है, लेकिन पिछले सालों की किस्तों के ट्रेंड को देखें तो अनुमान लगाया जा रहा है कि फरवरी 2026 के आसपास किसानों के खातों में पैसे ट्रांसफर किए जा सकते हैं. आमतौर पर यह किस्त चार महीने के अंतराल पर आती है, ऐसे में जनवरी के अंत से लेकर फरवरी-मार्च के बीच रकम आने की संभावना जताई जा रही है.

इस बार किसानों में क्यों बढ़ी बेचैनी?

इस बार पीएम किसान योजना में कुछ अहम बदलाव किए गए हैं, जिसने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि अब केवल e-KYC कराना ही काफी नहीं होगा, बल्कि Farmer ID (किसान पहचान पत्र) भी अनिवार्य कर दिया गया है. जिन किसानों के पास यह यूनिक आईडी नहीं होगी, उनकी 22वीं किस्त रोकी जा सकती है.

Farmer ID को क्यों बनाया गया जरूरी?

सरकार का मकसद है कि योजना का लाभ सिर्फ असली और पात्र किसानों तक ही पहुंचे. Farmer ID के जरिए किसान की जमीन, खेती से जुड़ी जानकारी और अन्य जरूरी विवरण डिजिटल रूप से जुड़े रहते हैं. इससे फर्जी लाभार्थियों, गलत एंट्री और दोहरे रजिस्ट्रेशन पर रोक लगाई जा सकेगी. जिन किसानों ने अब तक Farmer ID नहीं बनवाई है, उन्हें जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए, वरना किस्त अटकने का खतरा है.

e-KYC अधूरी है तो पैसा रुक सकता है

PM किसान योजना में e-KYC पहले से अनिवार्य है. इसके बावजूद कई किसान अब भी इसे नजरअंदाज कर रहे हैं. अगर e-KYC पूरी नहीं हुई है, तो 22वीं किस्त का पैसा खाते में नहीं आएगा. अच्छी बात यह है कि e-KYC मोबाइल, OTP या नजदीकी CSC सेंटर के जरिए आसानी से कराई जा सकती है.

इन कारणों से भी फंस सकती है किस्त

कई बार किसानों की किस्त सिर्फ e-KYC या Farmer ID की वजह से नहीं रुकती. आधार और बैंक खाते में नाम या जानकारी का मेल न होना, बैंक खाता बंद हो जाना, IFSC कोड बदलना या बैंक KYC अपडेट न होना भी बड़ी वजह बन सकती है. इसके अलावा जमीन के रिकॉर्ड में गड़बड़ी होने पर भी किसान को अपात्र दिखाया जा सकता है.

किन किसानों को नहीं मिलेगा 22वीं किस्त का लाभ?

जो किसान e-KYC नहीं कराते, जिनका बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है, जिनकी जमीन का सत्यापन अधूरा है, जिनके पास तय सीमा से ज्यादा भूमि है या जो 10 हजार रुपये से अधिक मासिक पेंशन लेते हैं, उन्हें पीएम किसान योजना की अगली किस्त नहीं मिलेगी.

लाभार्थी सूची में अपना नाम कैसे देखें?

किसान यह जांचना चाहते हैं कि उनका नाम लाभार्थी सूची में है या नहीं, तो वे pmkisan.gov.in वेबसाइट पर जाकर Beneficiary List सेक्शन में राज्य, जिला, ब्लॉक और गांव का चयन कर सकते हैं. अगर नाम सूची में दर्ज है, तो किस्त आने की संभावना मजबूत रहती है.

यह भी पढ़ें: कड़ाके की ठंड से कांपा देश, दिल्ली में तीन साल की सबसे सर्द सुबह, शीतलहर और कोहरे का अलर्ट जारी