अजब-गजब चोरी! नागौर में कबूतर ने कर दिया बड़ा कांड, जानकर आपको भी नहीं होगा यकीन

Nagaur News: नागौर के डेगाना शहर में सर्राफा दुकान से एक कबूतर करीब एक लाख रुपए कीमत की सोने की चैन चोंच में दबाकर उड़ गया. इस घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

Pigeon Flew Gold Chain Story in Nagaur Rajasthan
Image Source: Social Media

Nagaur News: आज की डेट में सोने के भाव सातवें आसमान पर चढ़े हुए हैं. गोल्ड का नाम सुनते ही लोगों के दिमाग में फटाक से उसकी कीमत चलने लगती है. ऐसे में सोने की चोरी हो जाए तो लगता है मानो हमारा सबकुछ लुट-पिट गया हो. ऐसा ही एक हैरतअंगेज मामला राजस्थान के नागौर से सामने आया है, जहां एक लाख रुपये की सोने की चैन चोरी हुई. हालांकि कुछ देर बाद चैन वापस उसके मालिक को मिल गई. लेकिन इस चोरी की स्टोरी में सबसे दिलचस्प बात यह थी कि यहां चोर कोई इंसान नहीं, बल्कि एक कबूतर था. 

नागौर के डेगाना शहर में सर्राफा दुकान से एक कबूतर करीब एक लाख रुपए कीमत की सोने की चैन चोंच में दबाकर उड़ गया. इस घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सर्राफा दुकान के पास सैंकड़ों की संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और कबूतर को पकड़ने की योजना बनाने लगे. 

छत पर बैठा ‘सोने का मेहमान’

कबूतर दुकान से उड़कर पास ही की एक बिल्डिंग की छत पर जा बैठा. इसके बाद पूरे बाजार में हलचल मच गई. दुकानदार, कर्मचारी और राहगीर सभी दुकान के सामने जमा हो गए. हर किसी की नजर छत पर बैठे उस कबूतर पर टिकी थी, जिसकी चोंच में लाखों की चेन फंसी हुई थी. लोग तरह-तरह के जतन करने लगे ताकि कबूतर नीचे उतरे और सोना सुरक्षित वापस मिल सके.

काफी मशक्कत के बाद मिली राहत

काफी देर तक चले प्रयासों के बाद आखिरकार कबूतर ने चेन को नीचे गिरा दिया और उड़ गया. जैसे ही सोने की चेन सुरक्षित मिली, व्यापारियों ने राहत की सांस ली. अगर यह चेन कहीं और गिर जाती या कबूतर इसे लेकर दूर निकल जाता, तो बड़ा नुकसान हो सकता था. घटना के बाद दुकान मालिक और आसपास के व्यापारी एक-दूसरे से यही कहते नजर आए कि ऐसी चोरी उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोची थी.

सोने की कीमतों के बीच अनोखी घटना

सर्राफा बाजार के व्यापारियों का कहना है कि बढ़ती सोने की कीमतों के कारण पहले ही सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है. कैमरे, गार्ड और सतर्कता के बावजूद जोखिम बना रहता है, लेकिन कबूतर द्वारा सोना ले जाने जैसी घटना पहली बार सामने आई है. यही वजह है कि यह मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया.

ये भी पढ़ें: सीएम भजनलाल ने किया इंडिया स्टोनमार्ट 2026 का उद्घाटन, बोले - कौशल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम