फिलीपींस में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 72, 200 से अधिक लोग घायल

मध्य फिलीपींस में मंगलवार देर रात आए भयंकर भूकंप के बाद तबाही का मंजर हर ओर दिखाई दे रहा है. राहत और बचाव दल लगातार प्रभावित इलाकों में मलबा हटाकर जीवित लोगों की तलाश कर रहे हैं. इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 72 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 200 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं.

Phillipines earthquake exceed 72 people died rescue operation going on
Image Source: Social Media

मध्य फिलीपींस में मंगलवार देर रात आए भयंकर भूकंप के बाद तबाही का मंजर हर ओर दिखाई दे रहा है. राहत और बचाव दल लगातार प्रभावित इलाकों में मलबा हटाकर जीवित लोगों की तलाश कर रहे हैं. इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 72 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 200 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं.

सेबू प्रांत के बोगो शहर और आस-पास के गांवों में भूकंप ने सबसे ज्यादा कहर बरपाया. मंगलवार रात करीब 10 बजे आए 6.9 तीव्रता के इस झटके ने घरों, नाइट क्लबों और व्यापारिक परिसरों को जमींदोज कर दिया. अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मलबे में अब भी कई लोग फंसे हो सकते हैं, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है.

राहत कार्यों में आ रहीं हैं गंभीर चुनौतियाँ

बचाव कार्य में लगी टीमों के लिए हालात आसान नहीं हैं. टूटी सड़कों, क्षतिग्रस्त पुलों और लगातार हो रही बारिश के चलते अभियान में भारी दिक्कतें पेश आ रही हैं. भूकंप का केंद्र बोगो से लगभग 19 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था और इसकी गहराई महज 5 किलोमीटर थी. स्थानीय प्रशासन ने बताया कि कई गंभीर रूप से घायल लोगों को पहाड़ी इलाकों से अस्पतालों तक ले जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है.

दहशत में लोग, घर लौटने से कर रहे इनकार

भूकंप के बाद कुछ समय के लिए सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया. बावजूद इसके, डरे हुए हजारों लोग अपने घरों को लौटने के बजाय रातभर खुले आसमान के नीचे ही रहे. लगातार बारिश के बावजूद लोगों ने सुरक्षित स्थानों को नहीं छोड़ा.

स्कूल और सरकारी दफ्तर बंद, लगातार आ रहे हैं झटके

प्रभावित इलाकों में सभी स्कूल और सरकारी कार्यालय बंद कर दिए गए हैं. भवनों की संरचनात्मक जांच की जा रही है ताकि दोबारा कोई हादसा न हो.'फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी' के मुताबिक, मुख्य झटके के बाद से अब तक 600 से अधिक आफ्टरशॉक्स दर्ज किए जा चुके हैं.

एक के बाद एक आपदाएं

इस भूकंप से पहले पिछले सप्ताह आए उष्णकटिबंधीय तूफान ने मध्य फिलीपींस के कई हिस्सों को तबाह कर दिया था. उस तूफान में 27 लोगों की मौत हुई थी और सैकड़ों लोग बेघर हुए थे. ऐसे में भूकंप ने पहले से जूझ रहे इलाकों पर एक और बड़ी आपदा का भार डाल दिया है.

यह भी पढ़ें: बीत गया 1 अक्टूबर, लेकिन अभी तक नहीं लागू हुआ 100% फार्मा टैरिफ... क्या बदल गया है ट्रंप का मूड?