PBKS vs DC: अक्षर पटेल ने ऐसी क्या गलती की, जो BCCI ने ठोक दिया 12 लाख का जुर्माना? जानें मामला

कप्तान अक्षर पटेल और डेविड मिलर की शानदार पारियों ने टीम को जीत की राह पर खड़ा किया. हालांकि इस जीत की खुशी पर एक काला बादल भी छाया, जब बीसीसीआई ने स्लो ओवर रेट के कारण अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया.

PBKS vs DC Axar Patel Fined IPL slow over rate ipl 2026
Image Source: Social Media

Axar Patel Fined: धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में सोमवार को खेला गया मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच रोमांचक साबित हुआ. दिल्ली ने पंजाब द्वारा दिए गए 211 रनों के लक्ष्य को 19 ओवर में सात विकेट गंवाकर हासिल कर आईपीएल इतिहास की अपनी दूसरी सबसे बड़ी रनचेज का प्रदर्शन किया. कप्तान अक्षर पटेल और डेविड मिलर की शानदार पारियों ने टीम को जीत की राह पर खड़ा किया. हालांकि इस जीत की खुशी पर एक काला बादल भी छाया, जब बीसीसीआई ने स्लो ओवर रेट के कारण अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया.

अक्षर पटेल पर लगा 12 लाख का जुर्माना

आईपीएल की मीडिया एडवाइजरी के अनुसार, दिल्ली कैपिटल्स ने निर्धारित समय में अपने ओवर पूरे नहीं किए. यह टीम का इस सीजन में पहला ऐसा उल्लंघन था, इसलिए आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत कप्तान अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया. यह फैसला पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच के बाद लिया गया.

अक्षर ने मैच के बाद कहा, “पिछली बार से मैं यही कह रहा हूं कि हम अहम मौकों पर चूक रहे हैं. हम एक अच्छी टीम हैं, अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं लेकिन उन अहम लम्हों को नहीं जीत पा रहे. जिस तरह से हम खेले उससे मैं वाकई खुश हूं और उम्मीद है कि हम इसी तरह खेलना जारी रखेंगे. पहले 3-4 ओवर में हमने 60 रन दिए और फिर वापसी की. बीच के ओवरों में जिस तरह माधव और मुकेश ने गेंदबाजी की, वो मैच जिताने वाले लम्हे थे."

दिल्ली की शानदार वापसी

दिल्ली की टीम ने मैच की शुरुआत कुछ कमजोर तरीके से की, जब वह 33 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी थी. लेकिन उसके बाद कप्तान अक्षर पटेल और डेविड मिलर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को संभाला. अक्षर के आउट होने के बाद डेविड मिलर, आशुतोष शर्मा और माधव की बेहतरीन बल्लेबाजी ने टीम को जीत तक पहुंचाया. खासकर आशुतोष शर्मा ने मात्र 10 गेंदों में 24 रन बनाकर रोमांचक जीत दिलाई.

अंक तालिका में दिल्ली की स्थिति

इस जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने अंक तालिका में 7वां स्थान हासिल किया. 12 मैचों में अब तक टीम ने 5 में जीत दर्ज की है जबकि 7 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है. पंजाब किंग्स को यह लगातार चौथी हार रही.

ये भी पढ़ें: IPL Playoff: दिल्ली की जीत से 3 टीमों की उड़ी नींद, प्वाइंट्स टेबल में उलटफेर, जानें प्लेऑफ का समीकरण