15 साल की मेहनत के बाद चमकी किसान की किस्मत, खदान में मिला नायाब हीरा, कीमत जानकर रह जाएंगे दंग

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के पटी क्षेत्र की खदान में बद्री पटेल और उनके पांच साथियों को 4.70 कैरेट का जेम्स क्वालिटी का हीरा मिला है.

panna-farmers-find-470-carat-diamond-worth-15-lakh
AI Generated

पन्ना की धरती एक बार फिर किसानों के लिए किस्मत का खजाना लेकर आई है. मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के पटी क्षेत्र की खदान में बद्री पटेल और उनके पांच साथियों को 4.70 कैरेट का जेम्स क्वालिटी का हीरा मिला है. इस बेशकीमती हीरे की बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी जा रही है. खास बात यह है कि करीब 10 साल की मेहनत के बाद उन्होंने महज 15-20 दिन पहले ही इस खदान में दोबारा काम शुरू किया था.

हीरा मिलते ही परिवारों में छाई खुशी

हीरा मिलने की खबर सामने आते ही बद्री पटेल और उनके साथियों के परिवारों में खुशी का माहौल है. बद्री पटेल ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि इस बार भगवान की कृपा से उनकी मेहनत रंग जरूर लाएगी. हीरा मिलने के बाद उसे नियमों के मुताबिक हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है. अब आगामी नीलामी में इसकी बिक्री होगी और उससे मिलने वाली रकम सभी साझेदारों के बीच तय हिस्सेदारी के अनुसार बांटी जाएगी.

कोई बनाएगा घर, तो किसी के घर बजेगी शहनाई

हीरे से मिलने वाली रकम को लेकर सभी साझेदारों ने अपनी-अपनी योजनाएं बना ली हैं. बद्री पटेल इस पैसे से अपना नया घर बनाना चाहते हैं. वहीं उनके साथी रतन सिंह यादव, भीखम प्रसाद पटेल और रामचंद्र दुबे बच्चों की शादी समेत परिवार की दूसरी जरूरी जरूरतों को पूरा करने की तैयारी में हैं. हीरा कार्यालय में जमा कराने के बाद सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई. अधिकारियों के मुताबिक जांच के बाद हीरे को जेम्स क्वालिटी का पाया गया है और इसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा.

पन्ना में पहले भी मिले हैं बेशकीमती हीरे

पन्ना की खदानें इससे पहले भी बड़े और उच्च गुणवत्ता वाले हीरों के लिए चर्चा में रही हैं. हाल ही में सरकारी कंपनी NMDC ने अपनी पन्ना डायमंड माइनिंग प्रोजेक्ट से 27.29 कैरेट का हीरा निकाला था, जिसकी शुरुआती अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई. वहीं पन्ना की NMDC खदान से अब तक मिला सबसे बड़ा हीरा 34.37 कैरेट का था, जो 2010 में मिला था और बाद में करीब 3.2 करोड़ रुपये में नीलाम हुआ था.

ये भी पढ़ें: TMC के दोनों गुटों को मिले चुनाव चिह्न, ममता बनर्जी को 'फुटबॉल खिलाड़ी', ऋतब्रत खेमे को क्या मिला?