पाकिस्तान की बड़ी साजिश! भारत की इन 6 चीजों पर रख रहा पैनी नजर, दो रिपोर्ट ने मचाई हलचल

India Pak Tension: भारत की रक्षा रणनीति में ऐसी कौन सी कमियां हैं, जिन पर पाकिस्तान की नजर बनी हुई है? पाकिस्तान की नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी से जुड़े दो रिसर्च पेपर में भारत की रणनीतिक चुनौतियों और कथित कमजोरियों का विश्लेषण किया गया है.

Pakistan has its eye on these 6 vulnerabilities of India revelation in research paper
Image Source: Social Media

India Pak Tension: भारत की रक्षा रणनीति में ऐसी कौन सी कमियां हैं, जिन पर पाकिस्तान की नजर बनी हुई है? पाकिस्तान की नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी से जुड़े दो रिसर्च पेपर में भारत की रणनीतिक चुनौतियों और कथित कमजोरियों का विश्लेषण किया गया है. इन दस्तावेजों में बताया गया है कि भारत की किन कमियों का इस्तेमाल पाकिस्तान सूचना और रणनीतिक मोर्चे पर कर सकता है.

इनमें से एक रिसर्च पेपर नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी के जर्नल 'मार्गाला पेपर्स' में प्रकाशित हुआ है. इसका नाम 'वेपनाइजिंग इन्फॉर्मेशन: अ स्टडी ऑफ डिसइन्फॉर्मेशन एंड इन्फॉर्मेशन वॉरफेयर बिटवीन इंडिया एंड पाकिस्तान' है. इसे गुल-ए-अरीबा और अहमद वकास वहीद ने लिखा है. पेपर में 2019 के पुलवामा संकट और मई 2025 के भारत-पाकिस्तान टकराव के दौरान हुए सूचना युद्ध का अध्ययन किया गया है.

दूसरा पेपर 'पॉलिटिकल कंस्ट्रक्शन ऑफ आत्मनिर्भरता अंडर मोदी: चैलेंजेज एंड कंस्ट्रेंट्स' नाम से 'स्ट्रैटेजिक पर्सपेक्टिव्स' में प्रकाशित हुआ है. इसमें भारत की आत्मनिर्भरता नीति और उससे जुड़ी चुनौतियों का विश्लेषण किया गया है. दोनों रिसर्च में एक अहम मुद्दा सूचना और नैरेटिव वॉरफेयर है.

पाकिस्तानी रिसर्च में भारत के 'स्ट्रैटेजिक गैप्स' क्या बताए गए?

1. सिर्फ सफाई देने के बजाय अपना नैरेटिव तैयार करें

रिसर्च में कहा गया है कि भारत को सूचना युद्ध के मोर्चे पर ज्यादा मजबूत तैयारी करनी होगी. किसी आरोप का सिर्फ जवाब देने के बजाय भारत को अपनी रिसर्च और तथ्यों के आधार पर अपना पक्ष दुनिया के सामने रखना चाहिए. इसके लिए पाकिस्तान के सूचना युद्ध से जुड़े मामलों पर भी ठोस रिसर्च और रिकॉर्ड सामने रखे जा सकते हैं.

लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा और लेफ्टिनेंट कर्नल पवित्रन राजन का '2026 बियॉन्ड द काइनेटिक' पेपर भी सूचना युद्ध में तेजी से हो रहे बदलावों को समझने में मदद करता है. इसके अलावा ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन ने 2025 में पाकिस्तान के सूचना युद्ध से जुड़े नेटवर्क और भारत पर उसके असर को लेकर रिपोर्ट जारी की थी.

2. सबसे बड़ी ताकत है भरोसा

संकट के समय दिया गया एक गलत सरकारी बयान या बिना जांच की गई जानकारी लंबे समय तक भारत के खिलाफ इस्तेमाल हो सकती है. इसलिए सिर्फ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक अपनी बात पहुंचाना ही काफी नहीं है. जानकारी ऐसी होनी चाहिए जिसे पत्रकार और रिसर्चर आसानी से जांच सकें.

अगर किसी दावे के पीछे ठोस सबूत और सही जानकारी हो, तो उसके खिलाफ फैलाए जा रहे प्रोपेगेंडा का मुकाबला करना आसान हो जाता है. इसलिए भारत के काउंटर-नैरेटिव समय पर जारी होने के साथ-साथ आसानी से वेरिफाई होने वाले भी होने चाहिए.

3. कमियों का जवाब देने के बजाय उन्हें दूर करें

रक्षा क्षेत्र में भारत की कुछ कमियों को लेकर होने वाली आलोचनाओं को पूरी तरह नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. सीएजी की कई रिपोर्टों में रक्षा खरीद और आरएंडडी प्रोजेक्ट्स में देरी और बढ़ती लागत का जिक्र किया गया है.

2015 की एक सीएजी रिपोर्ट में भी डीआरडीओ के 14 मिशन मोड प्रोजेक्ट्स में देरी या बजट बढ़ने की बात सामने आई थी. ऐसे में भारत को अपनी रक्षा व्यवस्था की इन कमियों को दूर करने पर ध्यान देना चाहिए. साथ ही तकनीकी आत्मनिर्भरता के ऐसे उदाहरण दुनिया के सामने रखने होंगे, जिन्हें आंकड़ों और सबूतों से साबित किया जा सके.

4. आत्मनिर्भरता को सिर्फ राजनीति से जोड़कर न देखें

भारत की 'आत्मनिर्भरता' नीति को अक्सर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीतिक छवि से जोड़कर देखा जाता है. पाकिस्तानी विश्लेषक भी इसे कई बार घरेलू राजनीति का हिस्सा बताते हैं और भारत की रक्षा उत्पादन से जुड़ी कमियों पर जोर देते हैं.

हालांकि, भारत ने रणनीतिक साझेदारियां बनाने और दूसरे देशों को अहम तकनीक और रक्षा उपकरण उपलब्ध कराने में भी प्रगति की है. भारत अगर अपनी रक्षा और सैन्य उत्पादन क्षमता को ज्यादा प्रभावी तरीके से दुनिया के सामने रखेगा, तो आत्मनिर्भरता को लेकर बनी गलत धारणाओं को दूर करने में मदद मिलेगी.

5. सूचना के मोर्चे पर कूटनीति मजबूत करनी होगी

आने वाले समय में गलत जानकारी और रणनीतिक धोखे का असर भारत की विदेश नीति पर भी पड़ सकता है. इसलिए भारत को सूचना के क्षेत्र में भरोसा बनाए रखने के लिए अपनी रणनीतिक नीतियों को साफ तरीके से बताना होगा.

भविष्य में भारत और पाकिस्तान के बीच विश्वास बहाली के उपायों में गलत जानकारी और प्रोपेगेंडा को रोकने के लिए किसी तरह की संयुक्त व्यवस्था बनाने पर भी विचार हो सकता है. इसके साथ ही फर्जी या गलत सूचनाओं पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के लिए मजबूत सिस्टम तैयार करना जरूरी होगा.

6. मजबूत वेरिफिकेशन सिस्टम तैयार करें

आज डीपफेक वीडियो, फर्जी तस्वीरें और गलत जानकारी कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर तेजी से फैल सकती हैं. ऐसी स्थिति में गलत सूचना रणनीतिक फैसलों को भी प्रभावित कर सकती है. इसलिए भारत के पास जानकारी और तस्वीरों की जांच करने की मजबूत व्यवस्था होना जरूरी है.

विदेशी सरकारों, पत्रकारों और रिसर्चर्स को भारत की वेरिफिकेशन प्रक्रिया पर भरोसा होना चाहिए. इसके लिए तकनीकी विशेषज्ञता बढ़ाने के साथ अकादमिक संस्थानों, मीडिया और अंतरराष्ट्रीय फैक्ट-चेकिंग संगठनों के साथ भी काम करना जरूरी होगा.

ये भी पढ़ें- UP Rajya Sabha Election: BJP ने राज्यसभा के 8 प्रत्याशियों का किया ऐलान, लिस्ट में कौन-कौन शामिल?