पाकिस्तान का अफगानिस्तान से खुली जंग का ऐलान, ख्वाजा आसिफ बोले- 'तालिबान के साथ दमादम मस्त कलंदर होगा'

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर हालात एक बार फिर बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं. बीते कुछ दिनों में दोनों देशों के बीच सैन्य गतिविधियां तेज हुई हैं, जिसके चलते स्थिति टकराव की ओर बढ़ती नजर आ रही है.

Pakistan declares open war with Afghanistan Taliban Khawaja Asif
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Pakistan Taliban War: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर हालात एक बार फिर बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं. बीते कुछ दिनों में दोनों देशों के बीच सैन्य गतिविधियां तेज हुई हैं, जिसके चलते स्थिति टकराव की ओर बढ़ती नजर आ रही है. 22 फरवरी को पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान में कथित टीटीपी ठिकानों पर किए गए हमले के बाद यह तनाव और बढ़ गया.

पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों के बाद अफगानिस्तान ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए स्पष्ट कहा था कि इसका जवाब दिया जाएगा. इसी क्रम में गुरुवार देर रात अफगान तालिबान ने जवाबी कार्रवाई शुरू की. सीमा पर गोलीबारी और मोर्टार हमलों की खबरें सामने आईं, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और गहरा गया.

नंगरहार में पाकिस्तानी हवाई हमले का दावा

अफगान मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने नंगरहार प्रांत में हवाई हमले किए. अफगान सूत्रों का कहना है कि इन हमलों के जरिए सीमा पार ठिकानों को निशाना बनाया गया. हालांकि, इन हमलों के नुकसान को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.

पाकिस्तानी लड़ाकू विमान गिराने का दावा

अफगान सुरक्षा सूत्रों ने दावा किया है कि एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को मार गिराया गया. बताया गया कि यह विमान अफगान हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गया था, जिसके बाद उसे निशाना बनाया गया.

हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और पाकिस्तान की ओर से भी इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

कई इलाकों में बमबारी के आरोप

अफगानिस्तान का कहना है कि पाकिस्तान ने काबुल, कंधार और पक्तिया जैसे इलाकों में भी हवाई हमले किए. इस्लामिक अमीरात के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया के जरिए इन हमलों की पुष्टि की, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इन हमलों में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ.

पाकिस्तान का दावा- हुई थी उकसावे वाली गोलीबारी

दूसरी ओर पाकिस्तान का कहना है कि उसे पहले अफगान तालिबान की ओर से बिना उकसावे की गोलीबारी का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उसने जवाबी कार्रवाई की. पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय और प्रधानमंत्री के प्रवक्ता के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में अफगान तालिबान के 133 लड़ाके मारे गए और 200 से ज्यादा घायल हुए हैं.

साथ ही पाकिस्तान ने यह भी दावा किया है कि कई सैन्य ठिकानों और गोला-बारूद के भंडार को नष्ट कर दिया गया.

संप्रभुता उल्लंघन का आरोप

अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर बार-बार सीमा पार हमले कर उसकी संप्रभुता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है. काबुल का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ है और क्षेत्रीय शांति के लिए गंभीर खतरा पैदा करती है.

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री का कड़ा बयान

तनाव के बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री का बयान सामने आया है, जिसने हालात को और गरमा दिया है. उन्होंने कहा कि अब पाकिस्तान का सब्र खत्म हो चुका है और यह टकराव खुली जंग में बदल सकता है.

अपने बयान में उन्होंने तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि अब दोनों देशों के बीच सीधा मुकाबला होगा, जिससे साफ संकेत मिलता है कि पाकिस्तान सख्त रुख अपनाने के मूड में है.

खुली जंग की चेतावनी

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने अफगान तालिबान को चेतावनी देते हुए कहा कि अब यह संघर्ष खुले युद्ध का रूप ले सकता है. यह बयान ऐसे समय में आया है जब सीमा पर लगातार गोलीबारी और सैन्य गतिविधियां जारी हैं.

पाकिस्तानी चौकी पर कब्जे का दावा

इस बीच एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि अफगान बलों ने खोस्त इलाके में डूरंड लाइन के पार स्थित पाकिस्तान की एक सैन्य चौकी पर कब्जा कर लिया. वीडियो में चौकी को जलते हुए दिखाने का भी दावा किया गया है, हालांकि इसकी पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं हो पाई है.

कंधार और हेलमंद में भी ऑपरेशन जारी

अफगानिस्तान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के अनुसार, कंधार और हेलमंद क्षेत्रों में भी पाकिस्तान की चौकियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई पहले किए गए जवाबी हमलों का विस्तार है.

मुजाहिद ने यह भी आरोप लगाया कि अफगान कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने काबुल, कंधार और पक्तिया के कुछ इलाकों में बमबारी की, हालांकि इन हमलों में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है.

डूरंड लाइन पर विवाद फिर उभरा

अफगानिस्तान ने एक बार फिर डूरंड लाइन को “काल्पनिक सीमा” बताते हुए कहा है कि वह किसी भी बाहरी दबाव को स्वीकार नहीं करेगा. अफगान पक्ष का कहना है कि उसकी कार्रवाई अपनी जमीन और संप्रभुता की रक्षा के लिए की जा रही है.

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान और अफगानिस्तान में छिड़ी भीषण जंग, तालिबान ने JF-17 लड़ाकू विमान को मार गिराया, देखें VIDEO