हार गया पाकिस्तान! सीजफायर की लगा रहा गुहार; कई सैनिक बनाए बंधी..अफगानिस्तान ने किया दावा

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर लगातार बढ़ते संघर्ष के बीच आखिरकार दोनों देशों ने 48 घंटे के अस्थायी युद्धविराम पर सहमति जता दी है. लेकिन सीजफायर लागू होने से पहले ही हालात काफी तनावपूर्ण हो गए थे.

Pakistan and afghanistan border clash demands ceasefire
Image Source: Social Media

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर लगातार बढ़ते संघर्ष के बीच आखिरकार दोनों देशों ने 48 घंटे के अस्थायी युद्धविराम पर सहमति जता दी है. लेकिन सीजफायर लागू होने से पहले ही हालात काफी तनावपूर्ण हो गए थे. अफगानिस्तान ने दावा किया है कि उसके सुरक्षाबलों ने सीमा पर स्थित कई पाकिस्तानी चौकियों को ध्वस्त कर दिया और पाक सैनिकों को बंदी बना लिया.

अफगान सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, बुधवार तड़के स्पिन बोल्डक इलाके में अफगानी बलों ने एक बड़ा सैन्य अभियान चलाया. इस दौरान उन्होंने पाकिस्तानी सेना की कई चौकियों पर नियंत्रण स्थापित कर लिया और भारी मात्रा में हथियार जब्त किए — जिनमें टैंक और अन्य सैन्य उपकरण शामिल हैं.

स्पिन बोल्डक पर अफगान नियंत्रण का दावा

सूत्रों की मानें तो अफगान बलों ने पाकिस्तान की सीमा चौकियों को नष्ट करने के साथ-साथ बोल्डक गेट पर भी कब्जा कर लिया है. यह गेट दोनों देशों के बीच व्यापार और आवाजाही का अहम मार्ग माना जाता है. अफगान पक्ष का कहना है कि यह कार्रवाई पाकिस्तान की ओर से की गई हवाई कार्रवाई के जवाब में की गई.

पाकिस्तान के हवाई हमले, अफगानिस्तान का जवाबी ड्रोन अटैक

इससे पहले बुधवार शाम पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के काबुल और स्पिन बोल्डक इलाकों में हवाई हमले किए. अफगानी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इन हमलों में कई नागरिकों की जान गई है.जवाबी कार्रवाई में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के पेशावर शहर में एक ड्रोन हमला किया. रिपोर्टों में दावा किया गया है कि यह हमला एक ऐसे कमरे पर किया गया जो कथित रूप से खुफिया गतिविधियों के लिए इस्तेमाल हो रहा था.

तालिबान ने सीजफायर की पुष्टि की

तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबिउल्लाह मुजाहिद ने पुष्टि की है कि पाकिस्तान के आग्रह पर बुधवार शाम 5:30 बजे से युद्धविराम लागू कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि तालिबान बलों को युद्धविराम का पालन करने का निर्देश दे दिया गया है. हालांकि, जमीनी हालात अब भी बेहद संवेदनशील बने हुए हैं.

तीसरी बड़ी झड़प, हालात बेहद नाजुक

यह झड़प पिछले एक सप्ताह के भीतर दोनों देशों के बीच तीसरी बड़ी सैन्य मुठभेड़ है. पाकिस्तान के सैन्य जनसंपर्क विभाग (ISPR) के मुताबिक, बलूचिस्तान बॉर्डर पर तालिबान के हमले को रोका गया, जिसमें 15 से 20 लड़ाकों के मारे जाने की बात कही गई है. वहीं, पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि अफगानिस्तान के कंधार प्रांत में पाकिस्तान द्वारा किए गए हमलों में तालिबान की चौथी बटालियन और छठी बॉर्डर ब्रिगेड को भारी नुकसान हुआ है.

यह भी पढ़ें: "फिलिस्तीन को चाहिए न्याय, दुनिया निभाए अपनी ज़िम्मेदारी", भारत ने NAM में दिया बड़ा संदेश