Pakistan Taliban War: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी तनाव अब गंभीर स्तर पर पहुंचता दिख रहा है. गुरुवार देर रात हालात उस वक्त और बिगड़ गए जब अफगानिस्तान की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई और कई पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाने का दावा किया गया. इसके बाद दोनों देशों के बीच टकराव खुली जंग जैसी स्थिति में बदलता नजर आ रहा है.
अफगानिस्तान की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को मार गिराने का दावा किया है. बताया जा रहा है कि यह विमान अफगानिस्तान की हवाई सीमा में दाखिल हुआ था, जिसके बाद उसे निशाना बनाया गया. हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि किसी भी पक्ष की ओर से नहीं की गई है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है, लेकिन उसकी सत्यता की पुष्टि Bharat 24 नहीं करता है.
Video from #Afghanistan claims to show a #Pakistani fighter plane after being shot down by #Afghan forces.#AfghanistanPakistanWar #Pakistan https://t.co/2j5gU6r6it pic.twitter.com/nYDX9I4NVc
— Ajay Kaul (@AjayKauljourno) February 27, 2026
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब दोनों देशों के बीच सीमा पर लगातार झड़पें, हवाई हमले और तीखी बयानबाजी जारी है. पाकिस्तान की ओर से इस कथित विमान गिराए जाने को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. वहीं, अफगानिस्तान ने भी यह स्पष्ट नहीं किया है कि विमान किस स्थान पर गिराया गया और किस तरह के हथियार का इस्तेमाल किया गया. पाकिस्तान के बेड़े में मुख्य रूप से अमेरिकी F-16 और चीन के JF-17 लड़ाकू विमान शामिल हैं.
खुली जंग जैसे हालात बने
तनाव उस वक्त और बढ़ गया जब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने तालिबान सरकार पर भारत का ‘प्रॉक्सी’ होने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि अब दोनों देशों के बीच हालात ‘खुली जंग’ जैसे हो चुके हैं और पाकिस्तान का सब्र जवाब दे चुका है. उनके मुताबिक, अब निर्णायक कार्रवाई का समय आ गया है.
इसी बीच शुक्रवार तड़के पाकिस्तान ने काबुल, कंधार और पक्तिया जैसे प्रमुख शहरों में हवाई हमले किए. अफगान तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने इन हमलों की पुष्टि की, लेकिन कहा कि इससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है.
सीमा पर तेज हुई जवाबी कार्रवाई
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसने डूरंड लाइन के पास पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है. अफगान पक्ष का दावा है कि कई पाकिस्तानी चौकियों को नुकसान पहुंचाया गया और कुछ इलाकों पर कब्जा भी किया गया. हालांकि पाकिस्तान ने इन दावों को खारिज कर दिया है.
इससे पहले संयुक्त राष्ट्र मिशन ने भी हालिया घटनाओं पर चिंता जताई थी और कहा था कि हवाई हमलों में नागरिकों की जान गई है. साथ ही दोनों देशों से संयम बरतने और तनाव कम करने की अपील की गई थी.
ये भी पढ़ें- T20 World Cup: अगर रद्द हुआ भारत-वेस्टइंडीज मैच, तो किसे मिलेगी सेमीफाइनल में एंट्री? जानें नियम