आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में OpenAI ने एक नए और ज्यादा एडवांस मॉडल GPT-6 Astra को पेश किया है। कंपनी के मुताबिक, यह अब तक का उसका सबसे इंटेलिजेंट और बेहतर अलाइन्ड AI मॉडल है, जिसे खास तौर पर वास्तविक दुनिया के जटिल कामों को संभालने के लिए तैयार किया गया है। GPT-6 Astra कंप्यूटर इस्तेमाल, वेब ब्राउजिंग, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, साइबर सिक्योरिटी, वैज्ञानिक रिसर्च और प्रोफेशनल टास्क जैसे क्षेत्रों में अपनी क्षमताओं को और आगे ले जाता है। शुरुआत में इसे सीमित संगठनों के लिए उपलब्ध कराया गया है।
कंप्यूटर पर इंसानों की तरह कर सकेगा डिजिटल काम
GPT-6 Astra की सबसे खास क्षमता कंप्यूटर को खुद इस्तेमाल करने की है। यह ऑनलाइन फॉर्म भरने, ग्राहक रिकॉर्ड अपडेट करने और कैलेंडर मैनेज करने जैसे रोजमर्रा के डिजिटल कामों को अंजाम दे सकता है। इसके अलावा यह वेब पर रिसर्च करने, ईमेल और डॉक्यूमेंट का सार तैयार करने, वैज्ञानिक डेटा का विश्लेषण करने और चार्ट बनाने में भी मदद कर सकता है। मॉडल वेबसाइट तैयार करने के बाद उसकी गुणवत्ता जांचने, सॉफ्टवेयर इंस्टॉल और टेस्ट करने तथा स्क्रीन पर दिखाई देने वाली तकनीकी समस्याओं को पहचानकर उन्हें ठीक करने में भी सक्षम बताया गया है।
GPT-5.6 Sol से ज्यादा तेज और बेहतर प्रदर्शन
OpenAI के अनुसार, GPT-6 Astra ने कंप्यूटर आधारित कामों की स्पीड में भी महत्वपूर्ण सुधार किया है। OSWorld 2.0 के सिम्युलेटेड टेस्ट में Astra ने पिछले मॉडल GPT-5.6 Sol की तुलना में कंप्यूटर-यूज वाले टास्क करीब 47 फीसदी तेजी से पूरे किए। Astra ने लगभग 40 मिनट प्रति टास्क के हिसाब से 72.6 फीसदी स्कोर हासिल किया, जबकि GPT-5.6 Sol ने करीब 75 मिनट प्रति टास्क लेते हुए 65.7 फीसदी स्कोर किया। कंपनी का दावा है कि यह सुधार मॉडल को जटिल डिजिटल कामों को कम समय में पूरा करने में अधिक प्रभावी बनाता है।
सेफ्टी और अलाइन्मेंट में भी बड़ा सुधार
OpenAI का कहना है कि GPT-6 Astra यूजर की मंशा को बेहतर तरीके से समझने और दिए गए निर्देशों की सीमाओं के भीतर काम करने में सक्षम है। कंपनी के एक नए टेस्ट में GPT-5.6 Sol बिना अतिरिक्त सुरक्षा उपायों के 48 फीसदी मामलों में तय सीमा से बाहर चला गया, जबकि Astra ने किसी भी टेस्ट केस में सीमा का उल्लंघन नहीं किया। इसके साथ ही मॉडल ने कठिन गणितीय बेंचमार्क FrontierMath Tier 4 में 98 फीसदी स्कोर हासिल किया है। इन क्षमताओं के साथ GPT-6 Astra को ऐसे AI सिस्टम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो सिर्फ सवालों के जवाब देने के बजाय वास्तविक दुनिया के डिजिटल कामों को खुद पूरा कर सके।
ये भी पढ़ें: Infinix ने लॉन्च किया धांसू Hot 70 Pro 5G, 6,000mAh बैटरी से है लैस, जानिए स्पेसिफिकेशन