इस्तीफे के 11 दिन बाद Nvidia में जेन्सेन हुआंग की वापसी, फिर संभालेंगे CEO की कमान, बोर्ड ने बदला फैसला

Nvidia CEO: 12 नवंबर को इस्तीफा देने के बाद जेन्सेन हुआंग की 11 दिन में CEO पद पर वापसी, बोर्ड ने सर्वसम्मति से लिया फैसला; कंपनी के शेयरों में भी दिखी तेजी.

Nvidia Reinstates Jensen Huang As CEO After Sudden Resignation
Image Source: Social Media

Nvidia CEO: दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया (Nvidia) में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. कंपनी ने अपने को-फाउंडर जेन्सेन हुआंग को एक बार फिर तत्काल प्रभाव से मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त कर दिया है. खास बात यह है कि हुआंग ने 12 नवंबर को ही अपने पद से इस्तीफा दिया था और अब करीब 11 दिन बाद कंपनी ने अपना फैसला पलट दिया है. इस दौरान कंपनी की वित्त प्रमुख कोलेट क्रेस्स अंतरिम CEO की जिम्मेदारी संभाल रही थीं.

बोर्ड ने सर्वसम्मति से लिया वापसी का फैसला

एनवीडिया के बोर्ड चेयरमैन हार्वे सी. जोन्स ने कहा कि बोर्ड का मानना है कि कंपनी का नेतृत्व करने के लिए जेन्सेन हुआंग ही सही व्यक्ति हैं. उनके मुताबिक, हुआंग की वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, साझेदारों और ग्राहकों के हित में है. कंपनी ने बताया कि हुआंग के साथ कई दौर की बातचीत और बैठकों के बाद बोर्ड ने सर्वसम्मति से उन्हें दोबारा CEO बनाने का फैसला किया. इस प्रक्रिया के दौरान अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी सुझाव लिए गए.

निजी विवाद के बाद दिया था इस्तीफा

जेन्सेन हुआंग ने 12 नवंबर को एनवीडिया के प्रेसिडेंट, CEO और बोर्ड सदस्य के पद से इस्तीफा दिया था. कंपनी ने उस समय कहा था कि उनका निजी व्यवहार कंपनी की आचार संहिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं था. मीडिया रिपोर्टों में उनके विवाहेतर संबंधों की खबरें सामने आई थीं. इनमें एक पूर्व कार्यकारी एलिस हुआंग के साथ कथित संबंधों का भी जिक्र था, जिनके चीन की खुफिया एजेंसियों से जुड़े होने के संदेह की जांच की खबरें आई थीं. हालांकि, इन आरोपों और संभावित विदेशी खुफिया गतिविधियों की जांच को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं.

पहले बोर्ड ने वापसी की संभावना से किया था इनकार

हुआंग के इस्तीफे के बाद कोलेट क्रेस्स को अंतरिम CEO बनाया गया था. शुरुआत में बोर्ड ने उनकी वापसी की संभावना से साफ इनकार किया था. 17 नवंबर को कंपनी की अर्निंग्स कॉल के दौरान बोर्ड चेयरमैन हार्वे जोन्स ने कहा था कि बोर्ड ने उनका इस्तीफा सर्वसम्मति से स्वीकार किया है और उन्हें दोबारा CEO बनाने का इरादा नहीं है. हालांकि, अब कुछ ही दिनों बाद बोर्ड ने अपना रुख बदलते हुए हुआंग को फिर से कंपनी की कमान सौंप दी है.

वापसी की खबर से एनवीडिया के शेयरों में उछाल

जेन्सेन हुआंग की वापसी की घोषणा का असर कंपनी के शेयरों पर भी देखने को मिला. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को एनवीडिया के शेयरों में करीब 33 फीसदी की तेजी दर्ज की गई. इससे पहले नेतृत्व में बदलाव और विवादों के चलते कंपनी के शेयर दबाव में थे. निवेशकों के बीच हुआंग की वापसी को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी, क्योंकि उन्हें कंपनी की रणनीति और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कारोबार का प्रमुख चेहरा माना जाता है.

ये भी पढ़ें- Google से Microsoft तक भारतीयों का जलवा, अब Nvidia की CEO कुर्सी पर नजर! रेस में 3 इंडियन नाम शामिल