ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा में चर्चित दीपिका नागर मौत मामले में पुलिस जांच के दौरान कई अहम खुलासे सामने आए हैं. जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, दीपिका की मौत से पहले उसके साथ मारपीट किए जाने के संकेत मिले हैं. शरीर पर मिले चोट के निशानों ने मामले को और गंभीर बना दिया है. बताया जा रहा है कि ये चोटें मौत से पहले की हैं, जिसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी हुई है.
मामले में अब पुलिस इस पहलू की भी गहराई से जांच कर रही है कि घटना से पहले दीपिका को शारीरिक प्रताड़ना दी गई थी या नहीं और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे. इस खुलासे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चोटों की पुष्टि
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दीपिका के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं. हाथ, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के स्पष्ट निशान मिले हैं. इन तथ्यों के सामने आने के बाद हत्या की आशंका और गहरा गई है.
परिजनों का आरोप है कि दीपिका लंबे समय से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना कर रही थी. परिवार का कहना है कि समाज और रिश्तों को बचाने की कोशिश में वह लगातार सबकुछ सहती रही, लेकिन आखिरकार उसकी जान चली गई.
परिवार ने की बुलडोजर कार्रवाई की मांग
दीपिका के माता-पिता ने मुख्यमंत्री से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि सिर्फ गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि आरोपियों के घर पर बुलडोजर कार्रवाई भी होनी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके.
परिवार का कहना है कि अगर समय रहते उनकी बेटी की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी.
मोबाइल फोन और स्कॉर्पियो अब तक नहीं मिली
मामले में परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद दीपिका का मोबाइल फोन और स्कॉर्पियो गाड़ी अब तक बरामद नहीं की जा सकी है.
परिवार के मुताबिक, मोबाइल फोन में कई महत्वपूर्ण चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूत मौजूद थे, जो मामले की सच्चाई सामने ला सकते हैं. परिजनों ने आशंका जताई है कि सबूत मिटाने की कोशिश की जा रही है.
72 घंटे का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी
परिजनों ने बताया कि उन्होंने पुलिस को कार्रवाई के लिए 72 घंटे का समय दिया था, जिसकी अवधि रविवार शाम को पूरी हो गई. इसके बावजूद न तो फरार चाचा की गिरफ्तारी हुई और न ही मोबाइल व स्कॉर्पियो बरामद की जा सकी.
अब परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और जरूरी सामान की बरामदगी नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेंगे. मामले को लेकर इलाके में लगातार तनाव और लोगों में आक्रोश बना हुआ है.
ये भी पढ़ें- Love Rashifal: इन राशि वालों की लव लाइफ में होगी नए पार्टनर की एंट्री, जानें अपना आज का लव राशिफल