Nepal Jail Rules: नेपाल सरकार ने जेल में बंद कैदियों के अधिकारों और सुविधाओं को लेकर बड़ा बदलाव किया है. अब निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले कैदियों को जेल में अपने पति या पत्नी के साथ अलग कमरे में रहने की सुविधा मिल सकेगी. इसके अलावा, सजा की कम से कम दो-तिहाई अवधि पूरी कर चुके और अच्छा आचरण रखने वाले कैदियों को खुली जेल में भेजने का भी प्रावधान किया गया है. नई व्यवस्था के तहत कैदियों को स्वास्थ्य बीमा, शिक्षा, वर्चुअल माध्यम से परिवार से बातचीत, बैंक खाता खोलने और जेल के भीतर काम करके कमाई करने जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी. 15 जुलाई 2026 को नेपाल राजपत्र में प्रकाशित होने के साथ ही नई नियमावली लागू हो गई है. इसका उद्देश्य जेलों में कैदियों के अधिकारों की सुरक्षा करने के साथ उनके जीवन को बेहतर बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है.
जेल में पति-पत्नी को साथ रहने के लिए मिलेगा अलग कमरा
नई नियमावली के नियम 26 के तहत निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले कैदियों को अपने पति या पत्नी के साथ जेल के भीतर अलग कमरे में रहने की सुविधा मिल सकेगी. इसके लिए कैदी को आवेदन देना होगा. जेल प्रशासक चिकित्सक की सिफारिश के आधार पर पति-पत्नी के लिए अलग कमरे की व्यवस्था करेगा. हालांकि, इस सुविधा का लाभ लेने के लिए कानूनी रूप से विवाह का पंजीकरण होना अनिवार्य है.
नियमों के मुताबिक, महिला कैदी की रिहाई के समय उसकी उम्र 40 वर्ष होने की स्थिति में वह इस सुविधा के लिए आवेदन कर सकती है. वहीं, पुरुष कैदी के मामले में रिहाई के समय उसकी पत्नी की उम्र 40 वर्ष होनी चाहिए. इसके अलावा, दो या दो से अधिक संतान वाले कैदियों को इस सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा. जिन कैदियों की कोई संतान नहीं है या केवल एक संतान है, वे इसके लिए आवेदन कर सकेंगे.
दो-तिहाई सजा पूरी करने वाले कैदियों को मिलेगी खुली जेल की सुविधा
नई नियमावली का एक बड़ा बदलाव खुली जेल से जुड़ा है. अब अपनी सजा की कम से कम दो-तिहाई अवधि पूरी कर चुके और जेल में अच्छा आचरण रखने वाले कैदी खुली जेल में रहने के लिए आवेदन कर सकेंगे. इसके लिए सरकार किसी भवन या स्थान को खुली जेल के रूप में घोषित कर सकती है. इच्छुक कैदी को संबंधित जेल कार्यालय में आवेदन देना होगा. जेल प्रशासक आवेदन की जांच करने के बाद योग्य पाए जाने पर उसे कारागार व्यवस्थापन विभाग के पास भेजेगा. इसके बाद खुली जेल की क्षमता और केंद्रीय समिति की सिफारिश के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी होगी.
खुली जेल में रहने वाले कैदियों को सरकारी या अन्य संबंधित संस्थाओं के साथ समझौते के आधार पर काम दिया जा सकेगा. उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम पारिश्रमिक से कम वेतन नहीं मिलेगा. कैदियों को केवल अनुमति प्राप्त काम ही करना होगा. वे तय समय पर खुली जेल से बाहर जा सकेंगे और निर्धारित समय के भीतर वापस लौटना अनिवार्य होगा.
परिजनों की मौत पर अंतिम संस्कार में शामिल हो सकेंगे कैदी
नई नियमावली में कैदियों को मानवीय आधार पर एक और महत्वपूर्ण राहत दी गई है. अब यदि किसी कैदी के माता-पिता, पति-पत्नी, बेटे या बेटी की मृत्यु हो जाती है तो उसे अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी जा सकेगी. अगर अंतिम संस्कार का स्थान जेल से 10 किलोमीटर के दायरे में है तो जेल प्रशासक मुख्य जिला अधिकारी (सीडीओ) की अनुमति लेकर सुरक्षा व्यवस्था के साथ कैदी को वहां पहुंचाने और वापस लाने की व्यवस्था करेगा. वहीं, अंतिम संस्कार का स्थान 10 किलोमीटर से अधिक दूर होने पर भी अनुमति मिल सकती है, बशर्ते एक दिन के भीतर वहां से आना-जाना संभव हो.
कैदियों की संख्या के हिसाब से जेलों में होगी पढ़ाई
नेपाल की नई जेल नियमावली में कैदियों की शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. अब जेलों में कैदियों की संख्या के आधार पर पढ़ाई की व्यवस्था करना अनिवार्य होगा. इसके तहत 100 तक कैदियों वाली जेलों में प्राथमिक स्तर तक की शिक्षा उपलब्ध करानी होगी. 101 से 500 कैदियों वाली जेलों में माध्यमिक स्तर तक पढ़ाई की व्यवस्था करनी होगी. वहीं, 500 से अधिक कैदियों वाली जेलों में माध्यमिक शिक्षा के साथ खुली शिक्षा, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और दूरस्थ शिक्षा की सुविधा भी देनी होगी.
एक साल से ज्यादा जेल में रहने वालों को मिलेगा स्वास्थ्य बीमा
कैदियों की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी नई नियमावली में प्रावधान किए गए हैं. इसके तहत एक वर्ष से अधिक समय तक जेल में रहने वाले कैदियों को सरकार के स्वास्थ्य बीमा कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा. जेलों में कैदियों की संख्या के आधार पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा. 500 तक कैदियों वाली जेलों में कम से कम एक हेल्थ असिस्टेंट के साथ स्वास्थ्य केंद्र संचालित करना होगा.
हर साल त्योहार के खर्च के लिए मिलेंगे 500 नेपाली रुपये
नेपाल सरकार ने कैदियों के दैनिक खर्च और त्योहारों से जुड़ी जरूरतों को लेकर भी नियम बनाए हैं. नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक कैदी को हर साल त्योहारों के खर्च के लिए एकमुश्त 500 नेपाली रुपये दिए जाएंगे. इसके अलावा, प्रत्येक कैदी को प्रतिदिन 700 ग्राम मोटा चावल या आटा अथवा उसके बराबर नकद राशि और 80 नेपाली रुपये उपलब्ध कराने का प्रावधान है.
कैदियों के अधिकार और पुनर्वास पर नेपाल सरकार का जोर
नेपाल की नई कारागार नियमावली में किए गए ये बदलाव जेल व्यवस्था को केवल सजा तक सीमित रखने के बजाय कैदियों के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार, रोजगार और पुनर्वास से जोड़ने की कोशिश माने जा रहे हैं. हालांकि, इन सुविधाओं का लाभ सभी कैदियों को अपने आप नहीं मिलेगा. अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए तय पात्रता, आवेदन, प्रशासनिक जांच और जहां जरूरी हो वहां अदालत या संबंधित अधिकारी की अनुमति अनिवार्य होगी.
यह भी पढ़ें: शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में भड़की हिंसा, सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी, पुलिस चौकी पर हमला