NCL Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. देश की प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) ने विभिन्न पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. कोल इंडिया लिमिटेड की मिनिरत्न कंपनी इस भर्ती अभियान के तहत कुल 259 पदों को भरेगी. चयनित उम्मीदवारों को मध्य प्रदेश के सिंगरौली और उत्तर प्रदेश के सोनभद्र स्थित NCL की खदानों और अन्य प्रतिष्ठानों में काम करने का अवसर मिलेगा. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
259 पदों पर होगी भर्ती
NCL द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार इस भर्ती अभियान में सबसे अधिक 254 पद माइनिंग सिरदार के लिए निर्धारित किए गए हैं. इसके अलावा सर्वेयर (माइनिंग) के 5 पदों पर भी योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी. यह भर्ती स्टैच्यूटरी माइनिंग कैडर के अंतर्गत की जा रही है, जो खनन क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर माना जा रहा है.
चयनित उम्मीदवारों को मिलेगी आकर्षक सैलरी
इस भर्ती के तहत चयनित उम्मीदवारों को अच्छा वेतन भी मिलेगा. माइनिंग सिरदार पद पर नियुक्त होने वाले अभ्यर्थियों को 47,330.25 रुपये प्रतिमाह बेसिक सैलरी दी जाएगी. वहीं, सर्वेयर (माइनिंग) पद पर चयनित उम्मीदवारों को 51,103.12 रुपये प्रतिमाह बेसिक सैलरी मिलेगी. इसके अलावा कंपनी के नियमों के अनुसार अन्य भत्तों और सुविधाओं का लाभ भी दिया जाएगा.
आवेदन प्रक्रिया शुरू
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 जुलाई 2026 सुबह 10 बजे से शुरू हो चुकी है. उम्मीदवार 5 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं. भर्ती एजेंसी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि अंतिम तारीख का इंतजार न करें, क्योंकि आखिरी समय में वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक के कारण तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं.
आवेदन के लिए आयु सीमा और शुल्क
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है. आयु की गणना 5 अगस्त 2026 को आधार मानकर की जाएगी. आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 1,180 रुपये का शुल्क देना होगा. वहीं, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), भूतपूर्व सैनिक और विभागीय कर्मचारियों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है.
ऐसे होगा उम्मीदवारों का चयन
NCL भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाएगी. सबसे पहले उम्मीदवारों को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) देनी होगी. परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए बुलाया जाएगा, जिसमें दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) और मेडिकल टेस्ट शामिल होंगे. अंतिम चयन सभी चरण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले उम्मीदवारों का ही किया जाएगा.
आधिकारिक वेबसाइट पर मिलेगी हर अपडेट
CBT परीक्षा की तारीख, एडमिट कार्ड जारी होने की जानकारी और भर्ती से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण अपडेट समय-समय पर NCL की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे. ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें और आवेदन करते समय सभी जरूरी दस्तावेज एवं जानकारी सही तरीके से भरें, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
ये भी पढ़ें: रेलवे में सेक्शन कंट्रोलर के पदों पर वैकेंसी, योग्यता से लेकर चयन प्रक्रिया तक... जानें पूरी डिटेल