RRB Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने एक नई भर्ती का ऐलान किया है. इस बार सेक्शन कंट्रोलर के पदों पर योग्य उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए हैं. भर्ती प्रक्रिया 15 जुलाई 2026 से शुरू होगी और इच्छुक अभ्यर्थी 14 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के पे लेवल-6 के तहत 35,400 रुपये प्रतिमाह शुरुआती वेतन मिलेगा. ऐसे में जो अभ्यर्थी रेलवे में जिम्मेदार पद पर करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए यह सुनहरा अवसर साबित हो सकता है.
119 पदों पर होगी भर्ती
रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार इस भर्ती अभियान के तहत सेक्शन कंट्रोलर के कुल 119 पद भरे जाएंगे. पिछले वर्ष इस पद के लिए 368 रिक्तियां निकाली गई थीं, लेकिन इस बार पदों की संख्या काफी कम रखी गई है. ऐसे में प्रतियोगिता पहले की तुलना में अधिक कड़ी रहने की संभावना है. इसलिए उम्मीदवारों को समय रहते अपनी तैयारी शुरू कर देनी चाहिए.
आयु सीमा और शैक्षणिक पात्रता
इस भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष निर्धारित की गई है. हालांकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा. अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट मिलेगी, जबकि अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के उम्मीदवारों को 3 वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी. उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रता शर्तों को ध्यान से पढ़ना चाहिए.
सैलरी
सेक्शन कंट्रोलर का पद पे लेवल-6 के अंतर्गत आता है. इस पद पर चयनित उम्मीदवारों को 35,400 रुपये प्रतिमाह शुरुआती मूल वेतन दिया जाएगा. इसके अलावा महंगाई भत्ता, यात्रा भत्ता, मकान किराया भत्ता और अन्य सरकारी सुविधाएं भी नियमानुसार मिलेंगी. भर्ती के लिए एल-2 मेडिकल फिटनेस अनिवार्य रखी गई है, इसलिए अभ्यर्थियों को मेडिकल मानकों को भी पूरा करना होगा.
चयन प्रक्रिया
रेलवे भर्ती बोर्ड इस भर्ती के लिए बहु-स्तरीय चयन प्रक्रिया अपनाएगा. सबसे पहले उम्मीदवारों को सिंगल स्टेज कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) देना होगा. इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को कंप्यूटर बेस्ड एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT) के लिए बुलाया जाएगा. इसके बाद दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा. सीबीटी में सफल उम्मीदवारों में से रिक्तियों के आठ गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण यानी सीबीएटी के लिए आमंत्रित किया जाएगा.
परीक्षा पैटर्न
सीबीटी परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें हल करने के लिए उम्मीदवारों को 120 मिनट का समय मिलेगा. परीक्षा में मुख्य रूप से गणित, विश्लेषणात्मक क्षमता, तार्किक क्षमता और मानसिक रीजनिंग से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे. प्रश्नों का विभाजन इस प्रकार रहेगा कि 60 अंक एनालिटिकल और मैथ्स, 20 अंक लॉजिकल कैपेबिलिटी तथा 20 अंक मेंटल रीजनिंग के होंगे. उम्मीदवारों को बेहतर स्कोर के लिए इन विषयों पर विशेष ध्यान देना होगा.
आवेदन शुल्क
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 500 रुपये फीस निर्धारित की गई है. वहीं सभी वर्गों की महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये रखा गया है. शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा.
ऐसे कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर सेक्शन कंट्रोलर भर्ती से संबंधित लिंक पर क्लिक कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. सबसे पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा, फिर आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरनी होगी. इसके बाद आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा. अंतिम चरण में आवेदन पत्र सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट भविष्य के लिए सुरक्षित रखना चाहिए.
ये भी पढ़ें: 10वीं के बाद इन सेक्टर में शानदार करियर का मौका, ये डिप्लोमा कोर्स कर देंगे लाइफ सेट