महाराष्ट्र के नांदेड़ में तेज रफ्तार का कहर! ट्रक ने टाटा मैजिक को मारी टक्कर, 6 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया. नांदेड़-भोकर हाईवे पर वाकद गांव के पास सीताखंडी इलाके में तेज रफ्तार ट्रक और यात्रियों से भरी टाटा मैजिक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई.

Nanded Maharashtra Truck Tata Magic Accident Kills Nine
Image Source: Social Media

महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया. नांदेड़-भोकर हाईवे पर वाकद गांव के पास सीताखंडी इलाके में तेज रफ्तार ट्रक और यात्रियों से भरी टाटा मैजिक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि टाटा मैजिक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.

तेज रफ्तार ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर

जानकारी के मुताबिक, हादसा शाम करीब 6:30 बजे हुआ. ट्रक भोकर से नांदेड़ की ओर जा रहा था, जबकि टाटा मैजिक यात्री वैन सामने से आ रही थी. वैन में कुल 12 यात्री सवार थे. दोनों वाहनों की रफ्तार तेज होने के कारण टक्कर बेहद खतरनाक साबित हुई. टाटा मैजिक सड़क किनारे जा गिरी, जबकि ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

मौके पर मची चीख-पुकार, 3 लोग गंभीर

टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी. हादसे में 6 यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. सड़क पर शव बिखरे होने से मौके का मंजर बेहद भयावह था. वहीं तीन घायलों को तत्काल भोकर और नांदेड़ के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है.

ट्रक चालक केबिन में फंसा

हादसे के बाद ट्रक चालक भी क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गया, जिसे बाहर निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी. वैन में सवार सभी लोगों के स्थानीय निवासी होने की जानकारी सामने आई है. फिलहाल पुलिस हादसे की वजह और दोनों वाहनों की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कौन था.

ये भी पढ़ें: Bihar: भागलपुर में बाढ़ का पानी बना काल, डूबने से 5 लोगों की मौत, एक ही परिवार के 4 लोग शामिल