BLA Attack On Chagai: बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना और बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के बीच एक बड़ी मुठभेड़ की खबर सामने आई है. BLA ने दावा किया है कि चाघाई जिले के दश्त गोरान इलाके में हुई इस लड़ाई में एक कैप्टन समेत पाकिस्तान के 20 सैन्यकर्मी मारे गए, जबकि कई अन्य घायल हुए. संगठन ने अपने दो लड़ाकों के मारे जाने की भी जानकारी दी है.
BLA के प्रवक्ता आजाद बलूच के मुताबिक, 31 अगस्त की शाम नादिराबाद इलाके में संगठन के लड़ाकों ने नाकाबंदी कर जांच शुरू की थी. इसी दौरान पाकिस्तानी सेना के करीब आठ वाहनों का काफिला वहां पहुंचा. BLA का दावा है कि इसके बाद दोनों पक्षों के बीच भीषण लड़ाई शुरू हो गई.
आठ वाहनों के काफिले पर हमला
संगठन के अनुसार, उसके लड़ाकों ने अलग-अलग जगहों पर मोर्चा संभालकर सेना के काफिले को घेर लिया. BLA ने दावा किया कि पाकिस्तानी सेना के चार वाहन उसकी घेराबंदी में फंस गए और उन पर रॉकेट और दूसरे हथियारों से हमला किया गया.
BLA का कहना है कि एक वाहन को रॉकेट से निशाना बनाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया. संगठन ने यह भी दावा किया कि बाद में क्षतिग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से वहां से हटाया गया. हालांकि, पाकिस्तानी सेना की ओर से इस मुठभेड़ में हुए नुकसान को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
Monitoring 🚨
— MUREED BALOCH (@MUREEDdesign) August 29, 2026
BLA has released a video of an (IED) blast targeting a Mine-Resistant Ambush Protected (MRAP) vehicle in Khad Koocha, Mastung. The attack was carried out by the BLA on August 22, leaving four Frontier Corps (FC) personnels eliminated and others injured.#mastung https://t.co/dDGmE5jfn6 pic.twitter.com/Mlv3De0VlJ
कैप्टन उबैद के मारे जाने का दावा
BLA ने दावा किया कि इस कार्रवाई में 20 पाकिस्तानी सैन्यकर्मी मारे गए. इनमें कैप्टन उबैद के भी शामिल होने की बात कही गई है. संगठन ने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सेना अक्सर अपने सैनिकों के मारे जाने और घायल होने की सही संख्या सार्वजनिक नहीं करती. BLA का कहना है कि इस घटना में भी नुकसान का पूरा आंकड़ा सामने नहीं आया है.
कई घंटे तक चली लड़ाई
BLA के मुताबिक, दश्त गोरान में शुरू हुई मुठभेड़ कई घंटे तक रुक-रुककर चलती रही. संगठन का दावा है कि लड़ाई शाम करीब 6:30 बजे शुरू हुई और सुबह करीब 4 बजे तक जारी रही.
BLA ने कहा कि इस दौरान पाकिस्तानी सेना अपने घायल सैनिकों और खराब हुए वाहनों को इलाके से बाहर ले जाने की कोशिश करती रही. संगठन ने स्थानीय लोगों के हवाले से कई एंबुलेंस आने-जाने का भी दावा किया है. इसके अलावा पाकिस्तानी सेना की ओर से ड्रोन के इस्तेमाल की बात भी कही गई है.
BLA के दो लड़ाके भी मारे गए
इस मुठभेड़ में BLA ने अपने दो लड़ाकों के मारे जाने की पुष्टि की है. संगठन ने संगत नासिर उर्फ बाबा और संगत बशीर उर्फ शौकत को अपना शहीद बताया है. BLA के अनुसार, दोनों लंबे समय से संगठन के साथ जुड़े हुए थे और बलूचिस्तान के अलग-अलग इलाकों में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ अभियानों में हिस्सा लेते रहे थे.
संगत नासिर उर्फ बाबा कौन थे?
BLA के मुताबिक, संगत नासिर उर्फ बाबा मंगुचर इलाके के रहने वाले थे और 2014 में संगठन में शामिल हुए थे. संगठन ने दावा किया कि उन्होंने चाघाई और आसपास के कई इलाकों में हुई लड़ाइयों में हिस्सा लिया था. BLA ने उन्हें अपने अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने वाला लड़ाका बताया है और कहा है कि संगठन उनके योगदान को याद रखेगा.
संगत बशीर उर्फ शौकत की भी मौत
BLA के अनुसार, संगत बशीर उर्फ शौकत का संबंध कलात जिले के गज़ग इलाके से था. वह 2015 में संगठन से जुड़े थे. संगठन का दावा है कि उन्होंने नरमक, नागाहो, चाघाई, सारून और शोर परोद समेत कई इलाकों में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ अभियानों में हिस्सा लिया था. BLA ने उनकी मौत को भी अपने लिए बड़ा नुकसान बताया है.
ये भी पढ़ें- SCO समिट में पाकिस्तान की ‘बचकानी’ हरकत, आलोचना के बाद लेना पड़ा यू-टर्न, लोगों ने लगाई लताड़