Mumbai: मुंबई कोस्टल रोड पर BMW का कहर, पुल से नीचे गिरी तेज रफ्तार कार, 3 की मौत

Mumbai BMW Accident: मुंबई के कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार BMW अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है.

mumbai-coastal-road-bmw-crash-three-dead-one-injured
Image Source: Internet

Mumbai BMW Accident: मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार BMW के भीषण हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया. मरीन ड्राइव से हाजी अली की तरफ जा रही कार लोटस जेट्टी के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:20 बजे हुआ.

लोटस जेट्टी के पास बेकाबू हुई BMW

कोस्टल रोड कंट्रोल रूम के अनुसार, BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी. लाला लाजपत राय कॉलेज के सामने लोटस जेट्टी के पास कथित तौर पर तेज रफ्तार के कारण चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा. इसके बाद कार डिवाइडर से टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

तीन लोगों की मौत 

हादसे के बाद कार में सवार चारों लोगों को तत्काल नायर अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी के मुताबिक, 21 वर्षीय शनाय गज्जल और 17 वर्षीय धैर्य सेठ को मृत घोषित कर दिया गया. करीब 25 वर्षीय एक अन्य युवक की भी मौत हो गई, जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है. वहीं करीब 20 वर्षीय एक युवक गंभीर हालत में ट्रॉमा वार्ड में भर्ती है.

हादसे में BMW बुरी तरह क्षतिग्रस्त

टक्कर इतनी जोरदार थी कि BMW का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया. कार की छत अंदर की ओर दब गई और विंडशील्ड के शीशे टूटकर बिखर गए. रिपोर्टों के मुताबिक, वाहन डिवाइडर से टकराने के बाद नीचे की ओर जा गिरा. हादसे की तस्वीरों में कार को भारी नुकसान पहुंचा हुआ दिखाई दे रहा है.

साइनबोर्ड से भी टकराई कार

हादसे के दौरान BMW सड़क किनारे लगे साइनबोर्ड से भी टकराई, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव की कार्रवाई शुरू की गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है. 

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र के नांदेड़ में तेज रफ्तार का कहर! ट्रक ने टाटा मैजिक को मारी टक्कर, 6 लोगों की मौत