मुरादाबाद में हैरान करने वाला मामला, महिला ने 5 दिन में 4 बच्चों को दिया जन्म, सभी की नॉर्मल डिलीवरी

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक बेहद दुर्लभ और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (TMU) अस्पताल में एक महिला ने पांच दिनों के भीतर चार बच्चों को जन्म दिया.

Moradabad tmu hospital Woman gives birth to 4 children in 5 days
Image Source: Social Media

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक बेहद दुर्लभ और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (TMU) अस्पताल में एक महिला ने पांच दिनों के भीतर चार बच्चों को जन्म दिया. सबसे खास बात यह रही कि इतने हाई-रिस्क केस के बावजूद चारों बच्चों की नॉर्मल डिलीवरी कराई गई. इस अनोखे मामले की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है.

जानकारी के मुताबिक संभल जिले के असमोली क्षेत्र की रहने वाली 31 वर्षीय अमीना इन चार बच्चों की मां बनी हैं. गर्भावस्था की शुरुआती जांच में ही डॉक्टरों को पता चल गया था कि उनके गर्भ में चार भ्रूण पल रहे हैं. इसके बाद से ही डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी.

डॉक्टरों ने दी थी फीटल रिडक्शन की सलाह

टीएमयू अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने इस प्रेग्नेंसी को बेहद संवेदनशील और जोखिम भरा बताया था. डॉक्टरों ने परिवार को फीटल रिडक्शन यानी भ्रूणों की संख्या कम करने की सलाह भी दी थी, ताकि मां और बच्चों की जान को सुरक्षित रखा जा सके. हालांकि परिवार ने सभी बच्चों को जन्म देने का फैसला किया और इलाज जारी रखा.

प्रेग्नेंसी के दौरान आई कई परेशानियां

गर्भावस्था के दौरान अमीना को कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा. उन्हें ब्लड प्रेशर और लीवर से जुड़ी दिक्कतें थीं, जिसके चलते कई बार अस्पताल में भर्ती करना पड़ा. डॉक्टरों की टीम हर 15 से 20 दिन में जांच कर रही थी और लगातार उनकी हालत पर नजर रखी जा रही थी.

9 मई को हुआ पहले बच्चे का जन्म

अस्पताल प्रशासन के अनुसार 8 मई को अमीना को प्रसव पीड़ा शुरू हुई थी. इसके बाद 9 मई को उन्होंने पहले बच्चे को जन्म दिया, जो एक बेटा है. जन्म के समय उसका वजन करीब 710 ग्राम था. चूंकि गर्भावस्था अभी पूरी तरह विकसित नहीं हुई थी, इसलिए डॉक्टरों ने बाकी डिलीवरी को कुछ दिनों के लिए नियंत्रित कर रोक दिया.

14 मई को जन्मे तीन और बच्चे

करीब पांच दिन बाद 14 मई को अमीना को फिर से दर्द शुरू हुआ. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीन अन्य बच्चों की भी सफल नॉर्मल डिलीवरी कराई. इनमें एक बेटा और दो बेटियां शामिल हैं. इस तरह पांच दिनों के भीतर महिला ने कुल चार बच्चों को जन्म दिया.

मां और नवजातों की हालत पर नजर

फिलहाल मां और चारों नवजात बच्चों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है. डॉक्टरों के अनुसार एक बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है, जबकि बाकी बच्चों को विशेष देखभाल की जरूरत है क्योंकि उनका जन्म समय से पहले हुआ है.

डॉक्टरों की टीम ने निभाई अहम भूमिका

इस जटिल मामले को सफलतापूर्वक संभालने में डॉ. शुभ्रा अग्रवाल, डॉ. पूर्ति, डॉ. रोली और डॉ. मोनिका समेत कई विशेषज्ञ डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की अहम भूमिका रही. अस्पताल प्रशासन ने इसे बेहद चुनौतीपूर्ण लेकिन सफल मेडिकल केस बताया है.

बच्चों के पिता मोहम्मद आलिम ने अस्पताल और डॉक्टरों की टीम का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि उन्हें शुरुआत से ही डॉक्टरों पर पूरा भरोसा था और उनकी मेहनत की वजह से मां और बच्चे सुरक्षित हैं.

ये भी पढ़ें- NEET UG Exam: अगले साल से ऑनलाइन होगी NEET-UG परीक्षा, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बड़ा ऐलान