Mohali Stabbing Video: पंजाब के मोहाली से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाली युवती की उसके ही सहकर्मी ने चाकू मारकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध था, लेकिन कुछ समय पहले उनका ब्रेकअप हो गया था. इसके बाद आरोपी युवती से नाराज रहने लगा था.
मृतक युवती की पहचान डिंपल के रूप में हुई है, जो पटियाला की रहने वाली थी. वहीं आरोपी हरविंदर मान उर्फ हैरी की हालत गंभीर बनी हुई है. उसने वारदात के बाद खुद को भी घायल कर लिया था. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
तीन साल तक साथ काम किया
जानकारी के अनुसार डिंपल और हरविंदर एक पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी में काम करते थे. दोनों करीब तीन साल से एक ही कंपनी में नौकरी कर रहे थे. इसी दौरान दोनों की दोस्ती हुई और बाद में उनका रिश्ता प्यार में बदल गया. हालांकि कुछ समय पहले दोनों के बीच ब्रेकअप हो गया था. इसके बाद दोनों के रिश्ते में दूरियां आ गई थीं.
रिश्ता फिर से जोड़ना चाहता था आरोपी
बताया जा रहा है कि ब्रेकअप के बाद हरविंदर काफी परेशान रहने लगा था. उसने कई बार डिंपल से दोबारा रिश्ता सुधारने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन पाई. इससे वह और ज्यादा नाराज और तनाव में रहने लगा.
ऑफिस में घुसकर किया हमला
गुरुवार शाम हरविंदर कंपनी के ऑफिस पहुंचा. वहां किसी बात को लेकर उसकी डिंपल से बहस हो गई. देखते ही देखते उसने चाकू निकाल लिया और युवती पर कई वार कर दिए. हमले के दौरान ऑफिस में मौजूद कर्मचारी घबरा गए. कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी लगातार हमला करता रहा. घटना के बाद दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया.
अस्पताल में हुई युवती की मौत
दोनों को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया. वहीं हरविंदर का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
पुलिस ने शुरू की जांच
फेज-11 थाना के एसएचओ अमन बैदवान ने बताया कि युवती के परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है. उनके बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस के मुताबिक शाम करीब 7:40 बजे घटना की जानकारी मिली थी. इसके बाद तुरंत पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ले ली गई है.
ये भी पढ़ें- Noida Fire: NCR में एक और भीषण आग, नोएडा की IVY काउंटी सोसाइटी में 2 फ्लैट जलकर राख, कितना हुआ नुकसान?