मिर्जापुर में कार और बोलेरो से टकराई बेकाबू ट्रक, 11 लोगों की मौत, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने जताया शोक

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार को हुआ भीषण सड़क हादसा दिल दहला देने वाला साबित हुआ. इस दर्दनाक घटना में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है.

Mirzapur road accident Uncontrollable truck collides with car and Bolero
Image Source: Social Media

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार को हुआ भीषण सड़क हादसा दिल दहला देने वाला साबित हुआ. इस दर्दनाक घटना में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. हादसा ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बड़का घुमान मोड़ के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक के अनियंत्रित होने से कई वाहन इसकी चपेट में आ गए.

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश की ओर से चना लादकर आ रहा एक ट्रक अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रक का ब्रेक फेल हो गया था, जिसके चलते चालक वाहन पर काबू नहीं रख सका.

बेकाबू ट्रक ने पहले सामने चल रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मारी. इसके बाद वह एक ऑल्टो कार को रौंदता हुआ आगे खड़े डंपर से जा भिड़ा. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो और ऑल्टो कार में तुरंत आग लग गई.

आग में घिर गए लोग, बचने का मौका नहीं मिला

हादसे के बाद दोनों गाड़ियों में आग तेजी से फैल गई. अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला और वे जिंदा जल गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भयानक थी कि कोई भी वाहन के करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका.

लोगों ने बताया कि वे अपनी आंखों के सामने यात्रियों को तड़पते और मदद के लिए पुकारते हुए देख रहे थे, लेकिन लपटों के कारण उन्हें बचा पाना संभव नहीं हो सका.

देर से पहुंची राहत टीम

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना की सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची. तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और अंदर फंसे सभी लोगों की मौत हो चुकी थी.

सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

11 लोगों की मौत, कई एक ही परिवार के

इस हादसे में कुल 11 लोगों की जान गई है. मृतकों में बोलेरो सवार 9 लोग शामिल हैं, जो मैहर से दर्शन कर लौट रहे थे. इनमें एक ही परिवार के मां, बेटा और बेटी के अलावा दूसरे परिवार के मां-बेटे की भी मौत हो गई.

इसके अलावा एक अन्य कार में सवार व्यक्ति की भी जलकर मौत हुई, जबकि ट्रक का खलासी केबिन में फंस गया और उसकी भी जान चली गई.

शवों की पहचान में आई मुश्किल

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शव बुरी तरह झुलस चुके थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया. बाद में परिजन घटनास्थल और पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर अपने प्रियजनों की पहचान कर सके.

मृतकों में वीना सिंह, उनके बेटे पीयूष सिंह और बेटी सोनम शामिल हैं. इसके अलावा पंकज सिंह, वंदना सिंह और शिव सिंह समेत अन्य लोग भी इस हादसे का शिकार बने. सभी पीड़ित मिर्जापुर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें- ईरान जंग के बीच भारत पर गहराया तेल संकट का खतरा, बैकअप स्टॉक भी हो रहे खत्म, अब क्या बचा है रास्ता?