Mexico Earthquake 6.5 Magnitude: मेक्सिको की राजधानी मेक्सिको सिटी एक बार फिर भूकंप के तेज झटकों से कांप उठी. 2 जनवरी 2026 की सुबह आए 6.5 तीव्रता के इस भूकंप ने शहर और आसपास के इलाकों में दहशत फैला दी. अचानक आए झटकों से लोग नींद से जाग गए और घरों से बाहर की ओर भागने लगे. शहर के कई हिस्सों में इमारतें हिलती नजर आईं और सड़कों पर लगे बिजली के खंभे खतरनाक तरीके से झूलते दिखे.
भूकंप के दौरान मेक्सिको सिटी में हालात बेहद डरावने हो गए. ऊंची-ऊंची इमारतें ऐसे हिल रही थीं जैसे किसी ने उन्हें झकझोर दिया हो. कई इलाकों में लोग खुले मैदानों और सड़कों की ओर दौड़ पड़े. बिजली के खंभे और साइन बोर्ड तेज झटकों के कारण हिलते रहे, जिससे हादसों का खतरा बना रहा. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पूरा शहर कुछ सेकंड के लिए थम सा गया था.
#Sismo Ciudad De México
— ClarOscuro Noticias (@ClarOscuroNews) January 2, 2026
Así se vivió el Sismo Magnitud 6.5 en las Instalaciones del Metro Ciudad de México. @Claudiashein#Temblor #AlertaSismica pic.twitter.com/yODr2rLJHS
मेट्रो स्टेशन में मची अफरा-तफरी
दुनिया के सबसे व्यस्त सबवे नेटवर्क में शामिल मेक्सिको सिटी मेट्रो भी भूकंप के असर से नहीं बच सकी. कई मेट्रो स्टेशन झटकों के दौरान हिलने लगे, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए खंभों और दीवारों को पकड़कर खड़े रहे. राहत की बात यह रही कि भूकंप से पहले ही ‘सीस्मिक अलर्ट’ सिस्टम सक्रिय हो गया, जिससे कई यात्रियों को समय रहते स्टेशन खाली करने का मौका मिल गया.
लाइव प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दहलीं राष्ट्रपति
भूकंप की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम को अपनी लाइव प्रेस कॉन्फ्रेंस बीच में ही रोकनी पड़ी. जैसे ही भूकंप के सायरन गूंजे, कार्यक्रम स्थल पर मौजूद राष्ट्रपति और पत्रकारों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि झटकों के दौरान माहौल कितना तनावपूर्ण हो गया था.
गुएरेरो राज्य के पास था भूकंप का केंद्र
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस भूकंप का केंद्र गुएरेरो राज्य के सैन मार्कोस इलाके के पास बताया जा रहा है. भूकंप की गहराई जमीन से करीब 35 किलोमीटर नीचे थी, जिस वजह से इसके झटके काफी दूर तक महसूस किए गए. भूकंप के बाद एहतियातन कई मेट्रो लाइनों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है.
लोगों से संयम बरतने की अपील
भूकंप के तुरंत बाद राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने देशवासियों से शांति बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं. प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव दल को अलर्ट पर रखा गया है.
भूकंपों का पुराना और डरावना इतिहास
मेक्सिको सिटी भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है. शहर पहले भी कई विनाशकारी भूकंपों का सामना कर चुका है. वर्ष 1985 और 2017 में आए भीषण भूकंपों में हजारों लोगों की जान चली गई थी और भारी तबाही हुई थी. यही वजह है कि इस बार आए झटकों ने एक बार फिर पुराने जख्मों की याद ताजा कर दी है और लोगों के बीच डर का माहौल बना हुआ है.
ये भी पढ़ें- ये मेरे लिए इमोशनल दिन... Border 2 के गाने ‘घर कब आओगे’ के लॉन्च पर बोले सोनू निगम, जानें क्या कहा