आज के दौर में अपराध के तरीके तेजी से बदल रहे हैं. अब लूटपाट सिर्फ चाकू या पिस्तौल की नोक पर नहीं होती, बल्कि दिमाग और मनोविज्ञान के जरिए भी लोगों को निशाना बनाया जा रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इसी सच्चाई की डरावनी मिसाल बन गया है, जिसे देखकर सड़क पर अकेले चलने वाला हर शख्स सतर्क हो गया है. इस वीडियो में एक कथित बाबा बिना किसी डर, धमकी या हिंसा के एक बाइक सवार से उसका पूरा पर्स खाली करवा लेता है और हैरानी की बात यह कि युवक खुद ही खुशी-खुशी सारे पैसे दे देता है.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यस्त सड़क पर एक बाबा बाइक सवार को रोकता है. शुरुआत में वह सिर्फ 2 रुपये मांगता है, लेकिन जैसे ही युवक पर्स निकालता है, उसकी हालत अचानक बदल जाती है. वह मानो किसी अजीब से ट्रांस में चला जाता है. इसके बाद वह बिना सवाल किए, बिना विरोध जताए, अपने पर्स में रखे सारे नोट एक-एक कर बाबा के हाथ में थमाने लगता है.
राहगीरों को हुआ शक, खुला खेल
वीडियो में साफ दिखता है कि युवक एक मशीन की तरह पैसे देता चला जाता है. तभी आसपास मौजूद कुछ लोगों को शक होता है. वे बीच में हस्तक्षेप करते हैं, बाबा को पकड़ लेते हैं और बाइक सवार को झकझोरकर होश में लाते हैं. जैसे ही युवक सामान्य होता है, बाबा को मजबूरी में सारे पैसे लौटाने पड़ते हैं. इस पूरी घटना की रिकॉर्डिंग युवक के हेलमेट में लगे गो-प्रो कैमरे में कैद हो गई, जिसके चलते बाबा की हर हरकत सामने आ गई.
पीड़ित का बयान: “मन रोक रहा था, हाथ नहीं मान रहे थे”
होश में आने के बाद युवक ने बताया कि उसे खुद समझ नहीं आ रहा था कि वह क्या कर रहा है. उसके मुताबिक, दिमाग बार-बार कह रहा था कि पैसे मत दो, लेकिन हाथ अपने आप नोट निकालते जा रहे थे. उसने कहा कि उस वक्त उसे यह भी एहसास नहीं हो रहा था कि उसका नुकसान हो रहा है. वीडियो में भी वह खुद को रोकने की कोशिश करता दिखता है, लेकिन नाकाम रहता है.
वशीकरण या नशीला पाउडर? सोशल मीडिया पर बहस
इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस शुरू हो गई है. कुछ लोग इसे वशीकरण या सम्मोहन का मामला बता रहे हैं, जबकि कई यूजर्स का मानना है कि बाबा ने किसी तरह का नशीला पाउडर या कैमिकल इस्तेमाल किया होगा. वीडियो में देखा गया है कि बातचीत के दौरान बाबा अपने हाथ युवक के काफी करीब ले जाता है, जिससे संदेह और गहरा गया है.एक यूजर ने कमेंट किया, “मेरे साथ भी ऐसा हुआ था, मुझे कुछ सूंघा दिया गया था.” वहीं दूसरे ने लिखा, “यह शुद्ध रूप से हिप्नोटिज्म है, अकेले यात्रा करते समय बेहद सतर्क रहें.”
बढ़ती घटनाएं, बढ़ती सावधानी
यह वीडियो एक चेतावनी की तरह सामने आया है कि अब ठगी और अपराध सिर्फ ताकत से नहीं, बल्कि दिमाग से किए जा रहे हैं. अनजान लोगों से बात करते समय, खासकर सड़क पर रुकते वक्त, अतिरिक्त सतर्कता बरतना जरूरी हो गया है.
यह भी पढ़ें: PM किसान योजना की 22वीं किस्त का इंतजार? लेकिन नहीं किया ये काम, अटक सकतें हैं 2 हजार