दिल्ली में दिवाली की सुबह एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. यह घटना द्वारका जिले के उत्तम नगर थाना इलाके की है. रविवार सुबह करीब 7 बजे इमारत की पार्किंग में आग लगी थी. आशंका है कि पार्किंग में लगे बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट होने से आग शुरू हुई. देखते ही देखते आग फैल गई और पानी के मीटर बोर्ड की वायरिंग तक पहुंच गई.
कई गाड़ियां जलकर हुईं खाक
आग ने सबसे पहले पार्किंग में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में लिया. इसके बाद स्कूटी और वहां खड़ी कारों में भी आग लग गई. धीरे-धीरे आग ने विकराल रूप ले लिया और नीचे से ऊपर की मंजिलों तक फैलने लगी. इसके साथ ही पूरी इमारत में धुआं भर गया. आग और धुआं पहली मंजिल से होते हुए दूसरी और तीसरी मंजिल तक पहुंच गया.
पड़ोसी मकान में कूदकर 15 लोगों ने बचाई जान
आग लगने के समय इमारत की ऊपरी मंजिल पर करीब 15 लोग सो रहे थे. आग और धुआं फैलता देख सभी लोग जान बचाने के लिए छत पर पहुंचे. इसके बाद उन्होंने बगल वाले मकान में छलांग लगाकर अपनी जान बचाई. स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 7:30 बजे दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दी.
सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ.
आग के दौरान सुनाई दिए धमाके
दिवाली की सुबह हुए इस हादसे की तस्वीरें काफी डरावनी थीं. आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि बीच-बीच में धमाके जैसी आवाजें भी सुनाई दे रही थीं. समय रहते लोगों को आग लगने का पता चल गया और वे इमारत से बाहर निकलकर छत पर पहुंच गए. इसके बाद पड़ोसी मकान में कूदकर उन्होंने अपनी जान बचाई.