Maryam Nawaz Statement: पाकिस्तान में आतंकी हमलों के लिए अक्सर भारत और अफगानिस्तान को जिम्मेदार ठहराया जाता है. लेकिन अब पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री और नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज ने आतंकवाद को लेकर बड़ा बयान दिया है. लाहौर में एआई हब की शुरुआत के दौरान उन्होंने कहा कि पंजाब को भारत से उतना खतरा नहीं है, जितना पाकिस्तान के ही पड़ोसी प्रांत खैबर पख्तूनख्वाह और बलूचिस्तान से है. उनका कहना है कि इन इलाकों से पंजाब में आतंकवाद पहुंच रहा है.
पंजाब में आतंकवाद और अपराध पर लगाम लगाने के लिए प्रांतीय खुफिया और खतरे का आकलन केंद्र (पीआईएफटीएसी) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हब की शुरुआत की गई. इस मौके पर मरियम नवाज ने दावा किया कि उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद पंजाब में अपराध करीब 70 प्रतिशत तक कम हुआ है.
उन्होंने कहा कि पीआईएफटीएसी और एआई हब की मदद से संभावित खतरों का पहले ही पता लगाने में मदद मिलेगी. इससे सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल होगा और नई चुनौतियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सकेगी.
पाकिस्तान में आतंकवाद अपनी समस्या- मरियम नवाज
मरियम नवाज ने कार्यक्रम के दौरान साफ कहा कि पाकिस्तान में आतंकवाद उसकी अपनी समस्या है. उन्होंने कहा कि पंजाब को सबसे बड़ा खतरा भारत से नहीं, बल्कि पाकिस्तान के दूसरे प्रांतों बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वाह में मौजूद आतंकी संगठनों से है.
हालांकि, दूसरी तरफ पाकिस्तान का पंजाब प्रांत लंबे समय से भारत विरोधी आतंकवाद के आरोपों के केंद्र में रहा है. लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद, हिजबुल मुजाहिदीन और अल बद्र जैसे आतंकी संगठनों से जुड़े कई नेताओं के पाकिस्तान में मौजूद होने के आरोप लगते रहे हैं.
भारत के खिलाफ आईएसआई की ओर से समर्थन मिलने वाले गैंगस्टर नेटवर्क को लेकर भी पंजाब प्रांत का नाम सामने आता रहा है. ऐसे में मरियम नवाज का यह बयान पाकिस्तान में आतंकवाद को लेकर उसकी पुरानी नीति और दावों पर सवाल खड़े करता है.
ये भी पढ़ें- अमेरिकी सेना का ईरान पर बड़ा पलटवार, IRGC के बाद 3 तेल टैंकरों पर भीषण हमला, VIDEO