IPL 2026: RCB का फास्टेस्ट रन चेज, कोहली का कीर्तिमान... आईपीएल 2026 के पहले ही दिन बने कई रिकॉर्ड्स

आईपीएल 2026 की शुरुआत बेहद धमाकेदार रही, जहां पहले ही मुकाबले में रिकॉर्ड्स की झड़ी लग गई. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने घरेलू मैदान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की.

Many records broken on the first day of IPL 2026 RCB Virat Kohli
Image Source: ANI

RCB vs SRH: आईपीएल 2026 की शुरुआत बेहद धमाकेदार रही, जहां पहले ही मुकाबले में रिकॉर्ड्स की झड़ी लग गई. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने घरेलू मैदान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की. इस मैच में कई बड़े कीर्तिमान बने, जिसने सीजन की शुरुआत को खास बना दिया.

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 201 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. टीम की ओर से ईशान किशन ने 80 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि अनिकेत वर्मा ने 43 रन जोड़े.

जवाब में आरसीबी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य को सिर्फ 15.4 ओवर में हासिल कर लिया. विराट कोहली ने नाबाद 69 रन बनाए, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 61 रन की शानदार पारी खेली. टीम ने 26 गेंद बाकी रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया.

विराट कोहली का ऐतिहासिक वर्ल्ड रिकॉर्ड

इस मैच में विराट कोहली ने 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 69 रन बनाते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया. वह आईपीएल इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए 4000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं.

इस सूची में उनके बाद डेविड वॉर्नर का नाम आता है, जिन्होंने 3285 रन बनाए हैं. इसके अलावा रोहित शर्मा, शिखर धवन और रॉबिन उथप्पा भी शामिल हैं.

आरसीबी का रिकॉर्ड: सबसे तेज 200 रन चेज

इस मुकाबले में दोनों टीमों ने मिलाकर कुल 404 रन बनाए, जो आईपीएल के ओपनिंग डे का सबसे बड़ा स्कोर बन गया.

इसके साथ ही आरसीबी ने दो बड़े रिकॉर्ड बनाए—

  • आईपीएल के पहले ही दिन 200 रन चेज करने वाली पहली टीम
  • आईपीएल इतिहास का सबसे तेज 200 रन चेज

आरसीबी ने 201 रन का लक्ष्य सिर्फ 15.4 ओवर में हासिल किया. इससे पहले यह रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स के नाम था, जिसने 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 15.5 ओवर में यह कारनामा किया था.

कोहली ने तोड़ा रोहित शर्मा का रिकॉर्ड

विराट कोहली ने इस मैच में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की. उन्होंने रन चेज करते हुए किसी एक मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया.

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रन चेज करते हुए कोहली का यह 10वां 50 या उससे ज्यादा का स्कोर था, जो इस मैदान पर किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा है.

टी20 क्रिकेट में भी बड़ी उपलब्धि

इस मुकाबले में 29 रन बनाते ही विराट कोहली ने टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में शोएब मलिक को पीछे छोड़ दिया. मलिक के नाम 13,571 रन दर्ज थे, जिन्हें कोहली ने पार कर लिया.

अब कोहली टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं.

इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 14,562 रन बनाए हैं. उनके बाद कीरोन पोलार्ड, एलेक्स हेल्स, डेविड वॉर्नर और जोस बटलर का नाम आता है.

ये भी पढ़ें- अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में भेजे 3500 मरीन, पहले से तैनात हैं 50,000 सैनिक, ईरान में होगा ग्राउंड ऑपरेशन?