Android यूजर्स रहें सावधान! OTP से WhatsApp चैट तक चुरा रहा ये खतरनाक मैलवेयर

एंड्रॉयड स्मार्टफोन यूजर्स के लिए एक नए मैलवेयर ने चिंता बढ़ा दी है. ‘मैंटेक्स ओटैक्स’ (Mantax Otax) नाम का यह खतरनाक मैलवेयर कथित तौर पर यूजर्स के OTP और निजी डेटा चुराने के साथ-साथ WhatsApp और Telegram की चैट पर भी नजर रख सकता है.

mantax-otax-malware-steals-otp-whatsapp-chats-android-data
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

एंड्रॉयड स्मार्टफोन यूजर्स के लिए एक नए मैलवेयर ने चिंता बढ़ा दी है. ‘मैंटेक्स ओटैक्स’ (Mantax Otax) नाम का यह खतरनाक मैलवेयर कथित तौर पर यूजर्स के OTP और निजी डेटा चुराने के साथ-साथ WhatsApp और Telegram की चैट पर भी नजर रख सकता है. मोबाइल सिक्योरिटी फर्म ज़िम्पेरियम ने इस मैलवेयर का पता लगाया है, जो गूगल प्ले स्टोर के बाहर मौजूद खतरनाक APK फाइलों के जरिए फैल रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक यह फोन को लॉक करने और आपत्तिजनक पॉपअप, ऑडियो व वीडियो के जरिए यूजर को परेशान करने में भी सक्षम है.

OTP से लेकर WhatsApp और Telegram चैट तक खतरा

शोधकर्ताओं के मुताबिक, मैंटेक्स ओटैक्स कई तरह की निजी जानकारियों तक पहुंच बना सकता है. यह SMS नोटिफिकेशन पढ़ सकता है, जिनमें वन टाइम पासवर्ड यानी OTP वाले मैसेज भी शामिल हैं. इसके अलावा कॉल लॉग, ब्राउजर हिस्ट्री, कॉन्टैक्ट्स, इंस्टॉल ऐप्स, लोकेशन और गूगल अकाउंट से जुड़ी जानकारी भी इसके निशाने पर हो सकती है. मैलवेयर एंड्रॉयड की एक्सेसिबिलिटी सेटिंग्स का इस्तेमाल कर WhatsApp प्रोफाइल और मैसेज के साथ Telegram चैट की जानकारी तक भी पहुंच बना सकता है.

खतरनाक APK फाइलों के जरिए हो रहा फैलाव

ज़िम्पेरियम के शोधकर्ताओं के अनुसार, यह मैलवेयर गूगल प्ले के बाहर मौजूद संदिग्ध APK फाइलों के जरिए फैल रहा है. इसे स्पाइवेयर, रैनसमवेयर और रिमोट कंट्रोल क्षमताओं का मिश्रण बताया गया है. यह एक्सेसिबिलिटी एक्सेस और डिवाइस एडमिनिस्ट्रेटर जैसी शक्तिशाली परमिशन मांग सकता है, जिनके जरिए यह यूजर की ओर से फोन पर अलग-अलग काम करने में सक्षम हो सकता है. साथ ही यह हमलावरों के सर्वर से जुड़कर संक्रमित डिवाइस की जानकारी भेज सकता है.

स्क्रीन रिकॉर्डिंग से लाइव गतिविधियों तक रख सकता है नजर

मैंटेक्स ओटैक्स का खतरा सिर्फ OTP और चैट चोरी तक सीमित नहीं बताया गया है. शोधकर्ताओं के मुताबिक, यह एंड्रॉयड के मीडिया प्रोजेक्शन फीचर का इस्तेमाल कर स्क्रीनशॉट ले सकता है और फोन की स्क्रीन रिकॉर्ड करने के साथ डिवाइस की लाइव गतिविधियों को स्ट्रीम भी कर सकता है. इस तरह यूजर की स्क्रीन पर दिखाई देने वाली निजी जानकारी भी हमलावरों तक पहुंचने का खतरा हो सकता है.

फ्रंट और रियर कैमरे पर भी कर सकता है कंट्रोल

रिपोर्ट के अनुसार, यह मैलवेयर फोन के फ्रंट और रियर कैमरे से चुपके से तस्वीरें लेने में भी सक्षम हो सकता है. इन तस्वीरों को यूजर की जानकारी के बिना सीधे हमलावरों तक भेजा जा सकता है. OTP, निजी चैट, स्क्रीन रिकॉर्डिंग और कैमरे तक कथित पहुंच की वजह से मैंटेक्स ओटैक्स एंड्रॉयड यूजर्स की प्राइवेसी और निजी डेटा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है.

ये भी पढ़ें: बारिश में भीग गया मोबाइल? भूलकर भी न करें ये गलती, वरना हो सकता है बड़ा नुकसान