मन की बात में PM मोदी ने याद दिलाया ''Vocal For Local'' का मंत्र, Gen-Z का भी किया जिक्र

Mann Ki Baat: रविवार को प्रसारित हुए ‘मन की बात’ के 128वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से संवाद करते हुए कहा कि नवंबर 2025 भारत के लिए ऐतिहासिक पलों और प्रेरणादायक उपलब्धियों से भरा रहा.

Mann Ki Baat vocal for local talked on gen z
Image Source: ANI

Mann Ki Baat: रविवार को प्रसारित हुए ‘मन की बात’ के 128वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से संवाद करते हुए कहा कि नवंबर 2025 भारत के लिए ऐतिहासिक पलों और प्रेरणादायक उपलब्धियों से भरा रहा. उन्होंने इस महीने देशभर में हुई उन घटनाओं का विशेष रूप से उल्लेख किया, जो न सिर्फ भारत की विरासत और सामर्थ्य को दर्शाती हैं, बल्कि भविष्य के लिए नए अवसर भी पैदा करती हैं.


प्रधानमंत्री ने बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर संसद के सेंट्रल हॉल में आयोजित विशेष कार्यक्रम ने देश को एक बार फिर लोकतांत्रिक मूल्यों, कर्तव्यों और राष्ट्रनिर्माण की भावना की याद दिलाई. उन्होंने इसे भारत की लोकतांत्रिक आत्मा का उत्सव बताया.

वंदे मातरम् के 150 वर्ष और सांस्कृतिक धरोहर का उत्सव

नवंबर में वंदे मातरम् की रचना को 150 वर्ष पूरे हुए. इस अवसर पर देशभर में कई भव्य कार्यक्रमों की शुरुआत हुई.इसी क्रम में अयोध्या में राम मंदिर परिसर में धर्मध्वजा का आरोहण और कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में पंचजन्य स्मारक का लोकार्पण भी राष्ट्रीय गर्व का प्रतीक बना.

एविएशन सेक्टर में नई उड़ान और INS 'माहे' नौसेना में शामिल

प्रधानमंत्री ने हैदराबाद में दुनिया की सबसे बड़ी LEAP इंजन MRO सुविधा के उद्घाटन का ज़िक्र किया. यह भारत को वैश्विक विमानन उद्योग में और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.इसके साथ ही मुंबई में INS ‘माहे’ को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया. पीएम मोदी ने बताया कि इस स्वदेशी युद्धपोत का निर्माण भारत की तेज़ी से बढ़ती आत्मनिर्भरता को दर्शाता है. ‘माहे’ नाम पुडुचेरी के ऐतिहासिक स्थल से प्रेरित है, जबकि इसका crest पारंपरिक कलारिपयट्टु की उरुमी तलवार की तरह दिखता है, जो लोगों को बेहद पसंद आया.

अंतरिक्ष सेक्टर में निजी कंपनियों की बड़ी छलांग

स्पेस सेक्टर की उपलब्धियों पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत का निजी अंतरिक्ष इकोसिस्टम मजबूत हो रहा है.उन्होंने खास तौर पर Skyroot कंपनी के ‘Infinity Campus’ का उल्लेख किया, जिसे देश की नई उड़ान, नवाचार और युवाशक्ति का बेहतरीन उदाहरण बताया.प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र में नई सफलताएं भारत की वैश्विक नेतृत्व क्षमता को और मजबूत कर रही हैं.

खाद्यान्न उत्पादन में बना नया रिकॉर्ड

पीएम मोदी ने यह भी बताया कि भारत ने इस साल 357 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन कर ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है.उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में देश ने खाद्यान्न उत्पादन में 100 मिलियन टन की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की है, जो कृषि क्षेत्र में किसानों की मेहनत और सरकार की नीतियों की सफलता को दर्शाती है.

उत्तराखंड में सर्दियों का पर्यटन और हाई-एल्टीट्यूड मैराथन

प्रधानमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में सर्दियों का पर्यटन तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.औली, मुनस्यारी, चोपटा और डेयारा वर्तमान समय में पर्यटकों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं.उन्होंने पिथौरागढ़ में 14,500 फुट की ऊंचाई पर आयोजित पहली High Altitude Ultra Run Marathon का विशेष उल्लेख किया. इस प्रतियोगिता में देश के 18 राज्यों से 750 से अधिक एथलीट्स ने हिस्सा लिया. पीएम मोदी ने इसे उत्तराखंड की खेल और पर्यटन क्षमता का बड़ा उदाहरण बताया.

यह भी पढ़ें: 47 उड़ानें रद्द, ट्रेनें भी कैंसल...Cyclone Ditwah के कारण तमिलनाडु-पुडुचेरी में रेड अलर्ट