रूस से तनाव के बीच फ्रांस का बड़ा टेस्ट, परमाणु पनडुब्बी से दागी M51.3 मिसाइल, जानें ताकत

France M51.3 Missile: रूस के साथ बढ़ते तनाव के बीच फ्रांस ने मंगलवार को अपनी नई परमाणु-सक्षम मिसाइल M51.3 का सफल परीक्षण किया. यह मिसाइल परमाणु ऊर्जा से चलने वाली पनडुब्बी से लॉन्च की गई. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी इस परीक्षण के दौरान मौजूद रहे.

Major test for France amidst tensions with Russia M51.3 missile fired from nuclear submarine
Image Source: Social Media

France M51.3 Missile: रूस के साथ बढ़ते तनाव के बीच फ्रांस ने मंगलवार को अपनी नई परमाणु-सक्षम मिसाइल M51.3 का सफल परीक्षण किया. यह मिसाइल परमाणु ऊर्जा से चलने वाली पनडुब्बी से लॉन्च की गई. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी इस परीक्षण के दौरान मौजूद रहे. मिसाइल में कोई परमाणु वारहेड नहीं लगाया गया था. फ्रांस ने कहा कि परीक्षण के दौरान मिसाइल ने तय सभी मानकों को पूरा किया. M51.3 पहले से ही फ्रांसीसी सेना की सेवा में शामिल है.

पनडुब्बी से दागी गई M51.3 मिसाइल

फ्रांसीसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, M51.3 पहले से इस्तेमाल हो रही M51 मिसाइल का अपग्रेडेड वर्जन है. इसे फ्रांस की परमाणु पनडुब्बी ले विजिलेंट से ब्रिटनी के तट से दूर लॉन्च किया गया. परीक्षण के दौरान मिसाइल उत्तरी अटलांटिक में तट से सैकड़ों किलोमीटर दूर जाकर गिरी.

एक फ्रांसीसी अधिकारी के अनुसार, राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एक युद्धपोत पर मौजूद रहकर इस पूरे परीक्षण को देखा.

फ्रांसीसी रक्षा मंत्रालय ने क्या कहा?

फ्रांसीसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मिसाइल का परीक्षण बिना परमाणु हथियार के किया गया और इसमें फ्रांस की अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं का पूरी तरह पालन किया गया. मंत्रालय ने कहा कि इस परीक्षण से परमाणु प्रतिरोधक क्षमता के क्षेत्र में फ्रांसीसी तकनीक और उद्योग की क्षमता एक बार फिर सामने आई है.

M51.3 मिसाइल कितनी ताकतवर है?

M51.3 पनडुब्बी से लॉन्च की जाने वाली उन्नत बैलिस्टिक मिसाइल है, जो परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है. इसे एरियनग्रुप ने फ्रांसीसी रक्षा एजेंसी DGA की निगरानी में तैयार किया है. इसकी अनुमानित मारक क्षमता करीब 8,000 से 10,000 किलोमीटर बताई जाती है.

इस मिसाइल के लिए नए समुद्री परमाणु वारहेड TNO-2 को भी विकसित किया गया है. इसे फ्रांस के परमाणु ऊर्जा आयोग CEA के सिमुलेशन कार्यक्रम के जरिए तैयार और प्रमाणित किया गया है.

M51.4 पर भी काम कर रहा फ्रांस

सार्वजनिक आंकड़ों के मुताबिक, M51 मिसाइल का वजन करीब 52,000 किलोग्राम, लंबाई 12 मीटर और व्यास करीब 2.3 मीटर है. इसकी ऑपरेशनल रेंज 8,000 से 10,000 किलोमीटर के बीच बताई जाती है और इसकी रफ्तार मैक 25 तक हो सकती है.

सितंबर 2025 में फ्रांसीसी रक्षा एजेंसी DGA ने एरियनग्रुप को M51 के चौथे वर्जन M51.4 के डिजाइन और निर्माण का कॉन्ट्रैक्ट दिया था. इस नए वर्जन में मारक क्षमता, सटीकता और दुश्मन की सुरक्षा को भेदने की क्षमता बढ़ाने पर काम किया जा रहा है. इसका मकसद बदलते खतरों के बीच फ्रांस की समुद्री परमाणु प्रतिरोधक क्षमता को और मजबूत करना है.

ये भी पढ़ें- समुद्र में बढ़ेगी भारत की ताकत! राजनाथ सिंह ने HSL में किया नई क्रेन और स्लिपवे-4 का उद्घाटन