उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक दुखद हादसा हुआ, जब हिमाचल प्रदेश से प्रयागराज महाकुंभ स्नान के लिए जा रही एक बस हाइड्रा क्रेन से टकरा गई। इस हादसे में 26 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना कौशांबी के सैनी कोतवाली क्षेत्र के भौतार मोड़ के पास नेशनल हाईवे पर हुई।
बस में 32 श्रद्धालु सवार थे
हादसे के समय बस में 32 श्रद्धालु सवार थे, जो आरती और भजन कीर्तन में मग्न थे। अचानक हाइड्रा क्रेन से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे बस के यात्री सकते में आ गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर घायलों को छह एंबुलेंस के जरिए सिराथू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
थाना सैनी अंतर्गत कनवार बॉर्डर पर टूरिस्ट बस का हाइड्रा से टकराकर दुर्घटना होने पर तत्काल स्थानीय पुलिस द्वारा घायल यात्रियों को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया तथा सड़क पर उत्पन्न अवरोध को हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से शुरू कराई गई। #UPPolice#kaushambipolice pic.twitter.com/gD05paGMMl
— KAUSHAMBI POLICE (@kaushambipolice) January 27, 2025
8 श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल भेजा
गंभीर रूप से घायल 8 श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस हादसे के कारण कानपुर-प्रयागराज रोड पर लगभग डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा। कौशांबी के एसपी, सीओ सिराथू, एडीएम और सीएमओ भी मौके पर पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। फिलहाल, सभी घायलों का इलाज सिराथू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और आसपास के निजी अस्पतालों में किया जा रहा है।
ये भी पढ़ेंः शाहिद कपूर की फिल्म 'देवा' के लिए क्यों लेनी पड़ी अमिताभ बच्चन की परमिशन? जानिए पूरी कहानी