पहलगाम हमले के आतंकी के पास... साइबर ठगों ने बुजुर्ग से ऐंठे 73 लाख, फ्रॉड का पैंतरा जान रह जाएंगे दंग

Cyber Fraud Kalyan: महाराष्ट्र के कल्याण से एक बेहद चौंकाने वाली साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है.

maharashtra elderly woman cheated 73 lakh in kalyan digital arrest scam
Image Source: Freepik

Cyber Fraud Kalyan: महाराष्ट्र के कल्याण से एक बेहद चौंकाने वाली साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है. इस मामले में, एक 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला से ठगों ने आतंकी कनेक्शन का डर दिखाकर न केवल डर पैदा किया, बल्कि उनकी जमा-पूंजी की पूरी रकम 73 लाख 30 हजार रुपये धोखाधड़ी से ट्रांसफर करवा ली. ये ठगी पूरी तरह से साइबर अपराधियों द्वारा रची गई एक साजिश थी, जिसमें उन्होंने महिला को जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर इस कदर डरा दिया कि महिला ने खुद अपनी सारी संपत्ति ठगों के बताए खातों में भेज दी.

साइबर ठगों ने रची भयावह साजिश

यह घटना 6 से 10 अप्रैल 2026 के बीच हुई, जब ठगों ने 82 वर्षीय रोहिणी चंद्रकांत कुलकर्णी को अपनी शिकार बनाया. रोहिणी कुलकर्णी कल्याण पश्चिम के सिंडीकेट इलाके में अपने परिवार के साथ रहती हैं. 6 अप्रैल को, उन्हें एक फोन कॉल आई, जिसमें विजय खन्ना नामक व्यक्ति ने खुद को जांच अधिकारी बताते हुए यह दावा किया कि उनका मोबाइल नंबर पहलगाम हमले में शामिल एक पाकिस्तानी आतंकवादी से मिला है. इस झूठे आरोप से घबराई महिला को ठगों ने लगातार कॉल और व्हाट्सऐप के जरिए मानसिक रूप से परेशान किया और इस मामले में सहयोग करने के नाम पर पैसे ट्रांसफर करने का दबाव डाला.

ट्रांसफर के नाम पर हुई ठगी

ठगों ने महिला से कहा कि उनके बैंक खातों की जांच के लिए यह जरूरी है कि वे अपनी पूरी रकम अस्थायी रूप से "सुरक्षित" खातों में ट्रांसफर करें. इसके लिए उन्होंने महिला को विभिन्न बैंक खातों की डिटेल भी भेजी ताकि महिला को यकीन हो सके. डर के माहौल में महिला ने 6 से 10 अप्रैल के बीच RTGS और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए ठगों के बताए गए खातों में कुल 73.30 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए. महिला ने पूरी प्रक्रिया में किसी भी तरह का संदेह नहीं किया और पैसे भेज दिए.

परिजनों को बताने के बाद खुला राज

जब महिला ने आखिरकार अपने परिवार के सदस्यों को यह बात बताई, तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद, महिला के परिवार ने पुलिस से संपर्क किया और कल्याण के महात्मा फुले चौक पुलिस थाने में इस साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तुरंत मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया. पुलिस निरीक्षक विजय नाईक के नेतृत्व में जांच चल रही है और ठगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

ये भी पढ़ें: इंतजार हुआ खत्म! CBSE ने जारी किया 10वीं का रिजल्ट; यहां से करें चेक