महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से सामने आई घटना ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. देवलाई इलाके में 18 वर्षीय युवक पहाड़ी के किनारे पहुंचकर अपनी जान देने की धमकी देने लगा. परिवार और स्थानीय लोगों ने उसे करीब तीन घंटे तक समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को भी सूचना दी और उसे सुरक्षित स्थान पर लाने की कोशिशें जारी रहीं. हालात उस वक्त बेहद भयावह हो गए, जब युवक अचानक पहाड़ी से नीचे कूद गया.
बेटे को बचाने की कोशिश में पिता भी गिरे
घटना के दौरान युवक के पिता ने उसे पकड़कर सुरक्षित करने की कोशिश की, लेकिन दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पहाड़ी से नीचे गिर गए. बेटे और पति को इस तरह गिरते देख मां भी खुद को संभाल नहीं सकीं और उन्होंने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी. बताया जा रहा है कि यह पूरा घटनाक्रम दोपहर करीब एक बजे हुआ. परिवार को बचाने और युवक को समझाने के लिए वहां मौजूद लोगों ने हरसंभव प्रयास किया, लेकिन कुछ ही पलों में स्थिति बेहद गंभीर हो गई.
तीन घंटे तक युवक को समझाते रहे लोग
बताया गया कि सुबह करीब 10 बजे युवक पहाड़ी के किनारे पहुंचा था और लगातार नीचे कूदने की धमकी दे रहा था. परिवार के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने उससे अपने भविष्य के बारे में सोचने और किनारे से पीछे हटने की अपील की. पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बातचीत के जरिए युवक को सुरक्षित स्थान पर लाने की कोशिश की. प्रत्यक्षदर्शी संजय जाधव के मुताबिक, मां लगातार अपने बेटे से नीचे नहीं कूदने की गुहार लगाती रही, लेकिन युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था.
पर्यटकों ने बनाया घटना का वीडियो
घटना के दौरान पहाड़ी पर मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक को बचाने की कोशिश काफी देर तक चलती रही और पुलिस समेत कई लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया. हालांकि, हालात अचानक बिगड़ गए और परिवार के तीनों सदस्य पहाड़ी से नीचे गिर गए. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे से जुड़े घटनाक्रम तथा उपलब्ध वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है.
ये भी पढ़ें: लद्दाख में स्थापित होगी जम्मू-कश्मीर हाई कोर्ट की बेंच, गृह मंत्री अमित शाह ने किया ऐलान