Mahananda Express Train Accident: बिहार के भोजपुर जिले में रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अलीपुरद्वार से दिल्ली जा रही महानंदा एक्सप्रेस अचानक पटरी से उतर गई. आरा रेलवे स्टेशन से कुछ ही दूरी पर हुए इस हादसे के दौरान ट्रेन का इंजन, SLR बोगी और एक AC कोच के पहिए ट्रैक से उतर गए. घटना के समय ट्रेन में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे और कई लोग नींद में थे. तेज आवाज के साथ ट्रेन के डिरेल होते ही यात्रियों में दहशत फैल गई. हालांकि राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है.
आरा स्टेशन से निकलते ही हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, महानंदा एक्सप्रेस (15484) रविवार सुबह आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी. स्टेशन से कुछ दूरी आगे पश्चिमी ओवरब्रिज के पास पहुंचते ही ट्रेन के इंजन, SLR बोगी और एक AC कोच के पहिए पटरी से उतर गए. अचानक हुई इस घटना के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया.
तेज आवाज सुनकर नींद से जागे यात्री
हादसे के वक्त सुबह का समय होने के कारण ट्रेन के कई यात्री सो रहे थे. अचानक तेज आवाज और झटके महसूस होने पर लोग घबराकर अपनी सीटों से उठ गए. कुछ देर के लिए ट्रेन के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. यात्री एक-दूसरे से घटना के बारे में जानकारी लेते नजर आए.
बड़ा हादसा टला
ट्रेन के कई हिस्सों के पटरी से उतरने के बावजूद किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है. इससे यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली. घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.
रेलवे टीम ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच गए. टीम ने डिरेल हुए हिस्सों का निरीक्षण किया और ट्रेन को दोबारा आगे भेजने की प्रक्रिया शुरू की. इस दौरान रेल परिचालन पर भी असर पड़ा और मौके पर काफी देर तक रेलवे की गतिविधियां जारी रहीं.
दूसरे इंजन की मदद से रवाना हुई ट्रेन
रेलवे कर्मचारियों ने डिरेल हुए हिस्सों और बोगियों को अलग करने का काम किया. इसके बाद दूसरे इंजन की मदद से ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया. रेलवे की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है. हादसे के चलते कुछ समय के लिए प्रभावित हुए रेल परिचालन को भी सामान्य करने की कोशिश की गई.
ये भी पढ़ें- Bihar Flood: बिहार में बाढ़ का विकराल रूप, छपरा में टूटा माही नदी का बांध, 25 गांवों में घुसा पानी